ट्विशा शर्मा केस: जेल में बंद रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह के सूने घर में चोरी की कोशिश, पुलिस का सायरन सुनते ही बदमाश फरार

WhatsApp Channel Join Now
ट्विशा शर्मा केस: जेल में बंद रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह के सूने घर में चोरी की कोशिश, पुलिस का सायरन सुनते ही बदमाश फरार


भोपाल, 28 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल में ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के चर्चित मामले में न्यायिक हिरासत में बंद रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह और उनके बेटे समर्थ सिंह के कटारा हिल्स स्थित घर में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात चोरी की कोशिश हुई। बदमाश घर में रखे सोने-चांदी के जेवर और कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज समेटकर भागने की तैयारी में थे, लेकिन गश्त कर रही पुलिस की गाड़ी का सायरन सुनते ही सामान छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

चोरी और माल की जब्ती की पुष्टि एसीपी रजनीश कश्यप ने की है। पुलिस के मुताबिक वारदात के समय घर में गिरिबाला सिंह के भाई मौजूद थे। उनके अनुसार, बदमाश घर के पिछले हिस्से से दाखिल हुए, जिससे किसी को भनक तक नहीं लगी। इसी दौरान इलाके में गश्त कर रही चार्ली पुलिस की गाड़ी घर के पास पहुंची। पुलिस की मौजूदगी का आभास होते ही चोर घबरा गए और चोरी का सामान मौके पर छोड़कर भाग निकले।

पुलिसकर्मियों ने बदमाशों का पीछा भी किया, लेकिन वे अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर दो लोगों को हिरासत में लिया है। मामले की जांच जारी है।

जेवर और दस्तावेज थे निशाने पर

पुलिस के मुताबिक बदमाशों ने घर में रखे सोने-चांदी के जेवरों के साथ गिरिबाला सिंह और समर्थ सिंह से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेजों की फाइल भी अपने कब्जे में ले ली थी। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले वे कोई भी सामान ले जाने में सफल नहीं हो सके।

30 जून तक न्यायिक हिरासत में हैं मां-बेटे

गौरतलब है कि ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में आरोपी रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह और उनके बेटे समर्थ सिंह 30 जून तक न्यायिक हिरासत में हैं। 16 जून को दोनों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अदालत में पेश किया गया था। सुनवाई के दौरान गिरिबाला सिंह ने अदालत से शिकायत की थी कि जेल में उन्हें दिए जाने वाले हिंदी और अंग्रेजी अखबारों से उनके केस से जुड़ी खबरें काट दी जाती हैं। उन्होंने पूरा अखबार उपलब्ध कराने, वकीलों से मुलाकात की समय-सीमा बढ़ाने और बेटे समर्थ सिंह के साथ संयुक्त रूप से कानूनी सलाह लेने की अनुमति देने की मांग की थी। इसके अलावा बचाव पक्ष ने ट्विशा शर्मा के बैंक खाते, कथित 7 लाख रुपये के खर्च, मोबाइल टावर लोकेशन, कार की चाबी और जब्त की गई दवाइयों के पंचनामा की प्रतिलिपि उपलब्ध कराने की भी मांग अदालत के समक्ष रखी थी।

क्या है ट्विशा शर्मा मौत का मामला?

नोएडा निवासी ट्विशा शर्मा की शादी दिसंबर 2025 में भोपाल के वकील समर्थ सिंह से हुई थी। 12 मई 2026 को कटारा हिल्स स्थित ससुराल में उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। परिजनों ने दहेज प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर चोट के निशान मिलने के बाद मामला गंभीर हो गया। वर्तमान में इस पूरे मामले की जांच सीबीआई कर रही है और आरोपी समर्थ सिंह व उनकी मां रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह न्यायिक हिरासत में हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story