आगरमालवाः जिला अस्पताल में जुड़वां नवजातों की मौत, परिजनों ने किया हंगामा

WhatsApp Channel Join Now
आगरमालवाः जिला अस्पताल में जुड़वां नवजातों की मौत, परिजनों ने किया हंगामा


आगरमालवा, 28 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के आगरमालवा स्थित जिला चिकित्सालय में मंगलवार को डिलीवरी के दौरान जन्मी जुड़वां नवजात बच्चियों की मौत हो जाने से अस्पताल में तनाव की स्थिति निर्मित हो गई। परिजनों ने अस्पताल में कार्यरत कर्मचारियों पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। घटना के विरोध में परिजनों के साथ ही सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ता भी अस्पताल पहुंचे और दोषियों पर कार्रवाई की मांग करते हुए नारेबाजी की।

जानकारी के अनुसार जिला मुख्यालय स्थित अर्जुन नगर कॉलोनी की रहने वाली महिला सीमा बैरागी पति सोनू बैरागी उम्र (25) वर्ष को प्रसव पीड़ा होने पर परिजन जिला अस्पताल लेकर आए थे। यहां प्रसूता ने जुड़वां बच्चियों को जन्म दिया, लेकिन दोनों ही मृत अवस्था में थी। इस घटना के बाद परिजन आक्रोशित हो गए। परिजनों ने अस्पताल स्टाफ की देरी और लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रसूता को समय पर उचित देखभाल नहीं मिली। ब्लड टेस्ट और अन्य औपचारिकताओं के नाम पर काफी समय बर्बाद किया गया। वही जब लेबर रूम के बाहर ही प्रसव की स्थिति बन गई, तब प्रसूता को ऑपरेशन थिएटर ले जाया गया। ऑपरेशन थिएटर में सामान्य डिलीवरी करवाई गई, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और दोनों नवजातों की मृत्यु हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही बजरंग दल के कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंचे। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और सिविल सर्जन तथा संबंधित चिकित्सकों से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा

Share this story