शिवपुरी से हरियाणा ले जाई जा रही 80 क्विंटल लकड़ी से भरा ट्रक जब्त

WhatsApp Channel Join Now
शिवपुरी से हरियाणा ले जाई जा रही 80 क्विंटल लकड़ी से भरा ट्रक जब्त


शिवपुरी, 19 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शिवुपरी जिले के दिनारा-पिछोर मार्ग पर लकड़ी से भरे 32 चक्का ट्रक को फॉरेस्ट के गश्ती दल ने शनिवार को पकड़ लिया। पकड़े गए ट्रक में लगभग 80 क्विंटल लकड़ी हरियाणा ले जाई जा रही थी। रेंजर लक्ष्मण मीणा का कहना है कि पिछले दिनों में अवैध आरा मशीनें बंद करवाए जाने से उनका जमा स्टॉक गुपचुप तरीके से दूसरे राज्य भेजने की तैयारी थी, जिसे फॉरेस्ट की टीम ने विफल कर दिया।

वनमंडल अधिकारी शिवपुरी सुधांशु यादव एवं उप वनमंडल अधिकारी आदित्य शांडील के निर्देशन में करैरा वन अमले द्वारा रात्रि गश्त की जा रही थी। इसी दौरान शनिवार अलसुबह वन विभाग को मुखबिर से सूचना मिली कि क्षेत्र में स्थानीय जंगल माफिया द्वारा बड़ी मात्रा में इकठ्ठा की गई लकड़ी बड़े वाहन में भरकर मध्यप्रदेश से बाहर भेजने की तैयारी की जा रही है।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए वन विभाग की टीम तत्काल दिनारा-पिछोर मार्ग पर पहुंची। डामरौन के पास संदिग्ध गतिविधि में दिखाई दिए 32 चक्का ट्रक को रोककर वन अमले ने उसे अपनी सुरक्षा में ले लिया। उक्त ट्रक हरियाणा पास है तथा बालाघाट से प्लाईवुड मटेरियल खाली कर वापस हरियाणा जा रहा था।

हिन्दुस्थान समाचार/उपेंद्र

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

Share this story