राजगढ़ः ओवरटेक में दो ट्रकों की भिड़ंत, केबिन में फंसे चालक की मौत

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः ओवरटेक में दो ट्रकों की भिड़ंत, केबिन में फंसे चालक की मौत


राजगढ़,4 जुलाई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर करनवास थाना क्षेत्र में ग्राम दूधी के पास शुक्रवार देर रात ओवरटेक के दौरान दो ट्रकों की भिड़ंत में एक ट्रक चालक की मौत हो गई। हादसे में चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया था। पीछे आ रहे दूसरे ट्रक के स्टाफ ने उसे बाहर निकालकर पहले ब्यावरा सिविल अस्पताल पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में तबीयत बिगड़ने पर नरसिंहगढ़ अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा और मर्ग कायम कर जांच शुरु की।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान सुखबीर सिंह (31) पुत्र गोविंद सिंह निवासी पाली विजयगढ़, जिला मुरैना के रूप में हुई है। वह ट्रक लेकर हाईवे से गुजर रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने ओवरटेक करते समय उसके ट्रक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चालक केबिन में फंस गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद पीछे चल रहे ट्रक के स्टाफ करन पुत्र राजेंद्रसिंह सिकरवार निवासी मोतीपुरा, जिला मुरैना ने घायल चालक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। ब्यावरा अस्पताल से 108 एंबुलेंस के जरिए भोपाल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में हालत अधिक बिगड़ने पर नरसिंहगढ़ अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। नरसिंहगढ़ थाना पुलिस ने शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। मामले में जीरो पर मर्ग कायम कर आगे की जांच और कार्रवाई के लिए प्रकरण करनवास थाना पुलिस को भेज दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story