जबलपुरः घुटनों तक कीचड़, बंद हुआ रास्ता: वार्ड-12 में सड़क बनी परेशानी, जिम्मेदारों पर अनदेखी के आरोप

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुरः घुटनों तक कीचड़, बंद हुआ रास्ता: वार्ड-12 में सड़क बनी परेशानी, जिम्मेदारों पर अनदेखी के आरोप


जबलपुर, 20 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के सिहोरा नगर पालिका क्षेत्र के खितौला स्थित वार्ड क्रमांक 12 में बारिश के बाद सड़क पूरी तरह कीचड़ और गहरे गड्ढों में तब्दील हो गई है, जिससे पैदल निकलना तो दूर, दोपहिया वाहन चलाना भी जोखिम भरा हो गया है। हालात ऐसे हैं कि लोगों को अपने घर तक पहुंचने के लिए लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा है।

सोमवार को वार्ड के स्थानीय लोगों ने आरोप लगाते हुए कहा कि कई बार पार्षद और नगर पालिका प्रशासन को सड़क निर्माण एवं मरम्मत की मांग से अवगत कराया गया, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। रहवासियों का कहना है कि बारिश के दिनों में यह सड़क पूरी तरह दलदल बन जाती है और घुटनों तक कीचड़ में होकर निकलना मजबूरी बन जाता है।

वार्डवासियों के अनुसार, जनप्रतिनिधि इस क्षेत्र को अवैध कॉलोनी बताकर अपनी जिम्मेदारी से बचने का प्रयास करते हैं। जबकि इसी क्षेत्र के अधिकांश निवासी वार्ड क्रमांक 12 के मतदाता हैं और नियमित रूप से नगर पालिका को कर एवं अन्य शुल्क भी अदा करते हैं। इसके बावजूद उन्हें मूलभूत सुविधाओं से वंचित रखा जाना लोगों में नाराजगी का कारण बना हुआ है।

सड़क पर फैले कीचड़ और जलभराव के कारण स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आपातकालीन स्थिति में एम्बुलेंस या अन्य वाहन का पहुंचना भी कठिन हो सकता है। दोपहिया वाहन फिसलने का खतरा लगातार बना रहता है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ गई है।

मौके की तस्वीर में साफ दिखाई दे रहा है कि पूरी सड़क कीचड़ और पानी से लबालब है। जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं और सड़क पर चलना तक मुश्किल हो गया है। यह दृश्य नगर पालिका की व्यवस्थाओं और सड़क रखरखाव की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से तत्काल सड़क का निर्माण या मरम्मत कराने, जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने तथा क्षेत्र को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि चुनाव के समय किए गए विकास के वादे अब धरातल पर दिखाई देने चाहिए, ताकि उन्हें हर बारिश में इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story