अनूपपुर: महाविद्यालय की समस्याओं को लेकर आदिवासी छात्र संगठन ने सौंपा ज्ञापन

WhatsApp Channel Join Now
अनूपपुर: महाविद्यालय की समस्याओं को लेकर आदिवासी छात्र संगठन ने सौंपा ज्ञापन


अनूपपुर, 02 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के पुष्पराजगढ़ शासकीय महाविद्यालय में व्याप्त विभिन्न समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर आदिवासी छात्र संगठन ने बुधवार को एसडीएम पुष्पराजगढ़ को उच्च शिक्षा मंत्री के नाम सात सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। छात्रों ने समस्याओं का शीघ्र निराकरण नहीं होने पर व्यापक आंदोलन की चेतावनी दी है।

ज्ञापन में महाविद्यालय की पुरानी बिल्डिंग को आर्ट एंड कॉमर्स कन्या महाविद्यालय के रूप में विकसित करने, विद्यार्थियों के बढ़े हुए परिवहन किराए में 50 प्रतिशत कमी करने तथा राजेंद्रग्राम के आदिवासी बालक-बालिका छात्रावासों की क्षमता 50 से बढ़ाकर 100 सीट करने की मांग की गई।

इसके अलावा बासनीहा स्थित आदिवासी बालक छात्रावास में शुद्ध पेयजल की व्यवस्था, महाविद्यालय में नियमित कक्षाओं का संचालन और एमए इतिहास, अंग्रेजी, राजनीति शास्त्र, समाजशास्त्र, भूगोल तथा एमएससी जूलॉजी व गणित की कक्षाएं शुरू करने की मांग रखी गई। विद्यार्थियों ने बालक-बालिकाओं के लिए उचित शौचालय व्यवस्था नहीं होने को गंभीर समस्या बताते हुए तत्काल सुधार की मांग की।

संगठन ने चेताया कि मांगों पर गंभीरता से कार्रवाई नहीं हुई तो छात्र-छात्राएं बड़े स्तर पर आंदोलन करेंगे। ज्ञापन सौंपने के दौरान महेश सिंह उइके, संतोष सिंह, खेमराज सिंह, आनंद सिंह उर्वेती, नूवी मरावी, गुलशन पट्टा, डोली देवी, संध्या देवी, रामेश्वरी सिंह, सागर संत, शेखर यादव सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Share this story