आदिवासी अधिकारों के संरक्षण और सशक्तिकरण के लिए बनेगी कार्ययोजना: उमंग सिंघार

WhatsApp Channel Join Now
आदिवासी अधिकारों के संरक्षण और सशक्तिकरण के लिए बनेगी कार्ययोजना: उमंग सिंघार


कांग्रेस की नवगठित समिति की पहली बैठक में जल, जंगल, जमीन, शिक्षा और रोजगार के मुद्दों पर मंथन

भोपाल, 30 जुलाई (हि.स.)। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा गठित मध्य प्रदेश आदिवासी अधिकार, संरक्षण एवं सशक्तिकरण समिति की पहली बैठक गुरुवार को भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में नेता प्रतिपक्ष एवं समिति अध्यक्ष उमंग सिंघार की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में आदिवासी समाज से जुड़े सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक और संवैधानिक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में आदिवासी समुदाय के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा, जल, जंगल और जमीन पर अधिकार, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, आजीविका तथा समग्र विकास से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श हुआ। समिति ने इन मुद्दों पर व्यापक अध्ययन कर प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने तथा प्रदेशभर में आदिवासी समाज के हितों की रक्षा और सशक्तिकरण के लिए संगठित प्रयास करने का निर्णय लिया। बैठक को संबोधित करते हुए उमंग सिंघार ने कहा कि कांग्रेस पार्टी आदिवासी समाज के अधिकारों, सम्मान और संवैधानिक सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि समिति प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में आदिवासी समुदाय से जुड़े मुद्दों का अध्ययन कर उन्हें सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाएगी और उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास करेगी।

बैठक में यह भी तय किया गया कि समिति प्रदेशभर में आदिवासी समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर तथ्यात्मक जानकारी एकत्र करेगी तथा चरणबद्ध तरीके से जनसंवाद और अध्ययन कार्यक्रम आयोजित करेगी, ताकि समस्याओं के समाधान के लिए ठोस और व्यवहारिक रणनीति तैयार की जा सके। बैठक में समिति के सदस्य विक्रांत भूरिया, बाला बच्चन, ओमकार सिंह मरकाम, फूंदेलाल मार्को, झूमा सोलंकी, संजय उइके, सुनील उइके और डॉ. अशोक मर्सकोले मौजूद रहे। सदस्यों ने आदिवासी समाज के अधिकारों के संरक्षण और सशक्तिकरण के लिए समन्वित एवं प्रभावी पहल की आवश्यकता पर जोर देते हुए अपने सुझाव भी प्रस्तुत किए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story