मप्र में 9 आईपीएस अधिकारियों के तबादले, रुचि वर्धन बनीं भोपाल ग्रामीण आईजी, शाजापुर और शहडोल के एसपी बदले
भोपाल, 04 जुलाई (हि.स.) । मध्य प्रदेश शासन ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए शुक्रवार देर रात 9 सीनियर आईपीएस अधिकारियों के तबादला आदेश जारी किए हैं। जिसके तहत भोपाल ग्रामीण, सागर और नर्मदापुरम को नए आईजी मिलने के साथ ही दो जिलों के पुलिस कप्तान (एसपी) भी बदले गए हैं।
गृह विभाग द्वारा जारी सूची के अनुसार, पुलिस मुख्यालय (पीएचक्यू) में आईजी प्रशासन के पद पर तैनात रुचि वर्धन मिश्रा को अब आईजी ग्रामीण जोन भोपाल की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, नर्मदापुरम जोन के आईजी मिथिलेश शुक्ला को अब सागर रेंज का फुल टाइम आईजी बनाया गया है; वे हिमानी खन्ना के सेवानिवृत्त होने के बाद से सागर रेंज का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल रहे थे। मिथिलेश शुक्ला के सागर जाने के बाद रिक्त हुए नर्मदापुरम जोन के आईजी पद पर चंद्रशेखर सोलंकी को पदस्थ किया गया है, जो वर्तमान में इंदौर एसएएफ रेंज में सेवाएं दे रहे थे। इसके अलावा, आईजी एससीआरबी हरिनारायण चारी मिश्रा को स्थानांतरित करते हुए पुलिस मुख्यालय में आईजी प्रशासन की नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
शाजापुर और शहडोल के एसपी बदले, सिमाला प्रसाद बनीं खरगोन डीआईजी
इस फेरबदल में दो जिलों के पुलिस अधीक्षकों (एसपी) को भी बदला गया है। संजय कुमार अग्रवाल को शहडोल जिले का नया एसपी नियुक्त किया गया है, जबकि उनके स्थान पर शहडोल के निवर्तमान एसपी रामजी श्रीवास्तव को एआईजी बनाकर पुलिस अकादमी भौंरी भेजा गया है। इसी तरह, प्रियंका शुक्ला को शाजापुर जिले का नया एसपी बनाया गया है, जबकि शाजापुर के मौजूदा एसपी यशपाल सिंह राजपूत का तबादला करते हुए उन्हें पुलिस अधीक्षक रेल, इंदौर की कमान सौंपी गई है। इसके साथ ही, आईपीएस अधिकारी सिमाला प्रसाद की पदोन्नति के बाद उन्हें डीआईजी खरगोन रेंज के पद पर नई पदस्थापना दी गई है।
वरिष्ठ अधिकारियों को मिली अतिरिक्त जिम्मेदारियां
तबादला सूची में कुछ वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों को उनकी वर्तमान भूमिकाओं के साथ-साथ अतिरिक्त प्रभार भी सौंपे गए हैं। विशेष पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) आदर्श कटियार को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ-साथ स्पेशल डीजी दूरसंचार (पीएचक्यू) का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं, इंदौर ग्रामीण जोन के आईजी अनुराग को अब अपने मौजूदा कार्य के साथ-साथ आईजी एसएएफ इंदौर रेंज और आईजी आरएपीटीसी इंदौर के पदों का भी अतिरिक्त जिम्मा संभालना होगा। राज्य सरकार के इस कदम को कानून व्यवस्था और प्रशासनिक कसावट के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

