भारतीय जनता पार्टी का जिलास्तरीय प्रशिक्षण महाअभियान कार्यशाला आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
भारतीय जनता पार्टी का जिलास्तरीय प्रशिक्षण महाअभियान कार्यशाला आयोजित


राजगढ़,28 फरवरी (हि.स.)। मप्र के राजगढ़ में ‘पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान’ के अंतर्गत शनिवार को होटल संस्कृति में जिलास्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता, पं. दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।

व्यक्तित्व निर्माण का माध्यम है प्रशिक्षण

मुख्य वक्ता संभाग प्रशिक्षण प्रभारी पंकज जोशी ने कहा कि भाजपा ही ऐसा राजनीतिक दल है, जो प्रशिक्षण के माध्यम से कार्यकर्ताओं का व्यक्तित्व निर्माण कर उन्हें कुशल नेतृत्वकर्ता बनाता है। उन्होंने कहा कि अन्य दल जहां परिवारवाद से ग्रसित हैं, वहीं भाजपा में कार्यकर्ता ही संगठन की शक्ति हैं। उन्होंने आधुनिक तकनीक, एआई और सोशल मीडिया की बारीकियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि डिजिटल युग में कार्यकर्ताओं के लिए तकनीकी दक्षता अत्यंत आवश्यक है।

पंच परिवर्तन पर विशेष जोर

संभाग प्रभारी तेजबहादुर सिंह ने ‘पंच परिवर्तन’ विषय पर विचार रखते हुए कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि समाज निर्माण का संगठन है। उन्होंने सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, स्वदेशी, नागरिक अनुशासन और पर्यावरण संरक्षण के महत्व को रेखांकित किया। जिला संगठन प्रभारी ध्रुवनारायण सिंह ने कार्यकर्ताओं के निर्माण में प्रशिक्षण की अनिवार्यता पर बल देते हुए सभी से प्रत्येक सत्र को आत्मसात करने का आह्वान किया।

अनुशासन ही प्रशिक्षण की धुरी

जिलाध्यक्ष ज्ञानसिंह गुर्जर ने कहा कि प्रशिक्षण कार्यकर्ता के व्यक्तित्व विकास की निरंतर प्रक्रिया है। विचारों की मजबूती और संगठनात्मक सुदृढ़ता के लिए प्रशिक्षण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण की मूल धुरी अनुशासन और आत्मानुशासन है, जिसका पालन प्रत्येक कार्यकर्ता को करना चाहिए। वहीं जिला प्रशिक्षण प्रभारी जगदीश पंवार ने पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से प्रशिक्षण के उद्देश्य, स्तर, विषय, समयसीमा और संगठनात्मक योजना की विस्तृत जानकारी दी।

कार्यक्रम में राज्यमंत्री नारायणसिंह पंवार, गौतम टेटवाल, सांसद रोडमल नागर, विधायक मोहन शर्मा, हजारीलाल दांगी, अमरसिंह यादव तथा प्रशिक्षण सहसंयोजक मनोज हाड़ा सहित अन्य पदाधिकारियों ने निर्धारित विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story