प्रशिक्षण से गढ़ता है संगठन, अजय जामवाल बोले-2047 तक भारत को परम वैभव तक पहुंचाने में जुटें कार्यकर्ता

WhatsApp Channel Join Now
प्रशिक्षण से गढ़ता है संगठन, अजय जामवाल बोले-2047 तक भारत को परम वैभव तक पहुंचाने में जुटें कार्यकर्ता


भोपाल/धार/इंदौर, 04 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने शनिवार को पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 के तहत धार के तिरला और इंदौर ग्रामीण के निपानिया सहित विभिन्न मंडलों में प्रशिक्षण वर्गों को संबोधित किया।

उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओं को गढ़ने की सतत प्रक्रिया है, जो संगठन को मजबूती प्रदान करती है। भाजपा कार्यकर्ता सेवा, समर्पण और “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ काम करते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक भारत को “परम वैभव” तक पहुंचाने के लक्ष्य में सक्रिय भूमिका निभाएं।

अजय जामवाल ने कहा कि प्रशिक्षण से कार्यकर्ताओं में आत्मविश्वास, निष्ठा और संगठन के प्रति समर्पण बढ़ता है। भाजपा की सफलता केवल विचारधारा ही नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं की निरंतर साधना, शिक्षा और अभ्यास पर भी आधारित है।

उन्होंने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री मोदी और प्रदेश में मोहन यादव के नेतृत्व में सरकारें समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए कार्य कर रही हैं। कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक पहुंचकर योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क करना चाहिए और उन्हें पार्टी की विचारधारा से जोड़ना चाहिए।

धार के तिरला मंडल में आयोजित प्रशिक्षण वर्ग में केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर, वरिष्ठ नेता विक्रम वर्मा, जिला अध्यक्ष निलेश भारती और विधायक नीना वर्मा मौजूद रहे। वहीं इंदौर ग्रामीण में मंत्री तुलसीराम सिलावट, जयपाल सिंह चावड़ा, मधु वर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story