राजगढ़ः चलती ट्रेन में फिसला पैर, जीआरपी-आरपीएफ जवानों ने बचाई महिला की जान

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः चलती ट्रेन में फिसला पैर, जीआरपी-आरपीएफ जवानों ने बचाई महिला की जान


राजगढ़, 14 मई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को बड़ा हादसा टल गया, जब चलती ट्रेन में चढ़ते समय एक महिला यात्री का पैर फिसलने से वह ट्रेन के नीचे जा गिरी। यह घटना प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर ट्रेन क्रमांक 19165 साबरमती एक्सप्रेस में चढ़ते समय हुई। मौके पर मौजूद जीआरपी-आरपीएफ टीम ने सतर्कता और तत्परता दिखाते हुए महिला की जान बचाई।

जानकारी के अनुसार नजमा पति अकील खान (40), निवासी रामकुंड मोहल्ला, नरसिंहगढ़, अपने दो बच्चों के साथ अशोकनगर में भाई की शादी में शामिल होने जा रही थीं। ट्रेन के पिछले जनरल कोच में चढ़ने के प्रयास में अचानक उनका पैर फिसला और वे ट्रेन के नीचे जा गिरीं। यह देखकर प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्री घबरा गए और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। उसी समय स्टेशन पर चेकिंग कर रहे जीआरपी और आरपीएफ स्टाफ ने तुरंत स्थिति को संभाला। जीआरपी के प्रधान आरक्षक दीपचंद माली, प्रधान आरक्षक अजय यादव, आरक्षक राहुल सिंह तथा आरपीएफ के आर. डेविड और आर. पूरणमल ने तुरंत ट्रेन रुकवाई और यात्रियों की मदद से महिला को सुरक्षित बाहर निकाला। महिला को घायल अवस्था में ऑटो रिक्शा से सिविल अस्पताल ब्यावरा पहुंचाया गया, जहां समय पर प्राथमिक उपचार मिलने के कारण उनकी जान बच गई। बाद में महिला के पति अस्पताल पहुंचे, जिसके बाद घायल नजमा को परिजनों के सुपुर्द किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story