जबलपुर : काशी एक्सप्रेस में अकेले सफर कर रहा 13 वर्षीय बालक मिला, रेलवे स्टाफ ने दिखाई तत्परता

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुर : काशी एक्सप्रेस में अकेले सफर कर रहा 13 वर्षीय बालक मिला, रेलवे स्टाफ ने दिखाई तत्परता


जबलपुर, 15 अक्टूबर (हि.स.)।

जबलपुर ट्रेन में अकेले सफर कर रहे 13 वर्षीय बालक की सुरक्षा को लेकर रेलवे के टिकट चेकिंग स्टाफ और रेलवे सुरक्षा बल ने तत्परता दिखाते हुए उसे आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई। काशी एक्सप्रेस में यात्रा के दौरान बालक बी-1 कोच के दरवाजे के पास मिला था। उसकी कम उम्र और अकेले यात्रा करने की स्थिति को देखते हुए रेलवे कर्मचारियों ने मामले को गंभीरता से लिया।

गुरुवार को प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 15018 काशी एक्सप्रेस में ड्यूटी पर तैनात टिकट चेकिंग स्टाफ सेवाराम झरिया की नजर बालक पर पड़ी। पूछताछ में बालक ने बताया कि वह अकेले मुंबई जा रहा है। उसने बताया कि उसके माता-पिता नहीं हैं और वह अपनी दादी के साथ रहता है। बालक के अनुसार, वह काम के सिलसिले में मुंबई जा रहा था।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वाणिज्य नियंत्रक अमित चंसौरिया ने नरसिंहपुर आरपीएफ को तत्काल सूचना देकर आवश्यक समन्वय स्थापित किया।

इसके बाद बालक को आरपीएफ स्टाफ के मोहनलाल मिश्रा के सुपुर्द किया गया, ताकि आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

रेलवे टिकट चेकिंग स्टाफ की सतर्कता और वाणिज्य नियंत्रक की समय पर सूचना से बालक को सहायता उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई। यह घटना यात्रियों की सुरक्षा के प्रति रेलवे कर्मचारियों की सजगता, मानवीय संवेदनशीलता और विभागीय समन्वय को दर्शाती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761643 Articles

Share this story