मैहर में दर्दनाक हादसा, कुएं में गिरे बैल को बचाने उतरे 3 ग्रामीणों की मौत, एक गंभीर

WhatsApp Channel Join Now
मैहर में दर्दनाक हादसा, कुएं में गिरे बैल को बचाने उतरे 3 ग्रामीणों की मौत, एक गंभीर


मैहर, 04 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मैहर जिले में बैल को बचाने की कोशिश तीन ग्रामीणों के लिए जानलेवा साबित हुई। अमरपाटन थाना क्षेत्र के खरामसेड़ा गांव स्थित अहिरान टोला में शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे 35 फीट गहरे कुएं में गिरे बैल को निकालने के दौरान जहरीली गैस और ऑक्सीजन की कमी से चार ग्रामीण बेहोश हो गए। इनमें तीन की मौत हो गई, जबकि एक की हालत गंभीर होने पर उसे सतना जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

पुलिस के अनुसार, गांव के कुशवाहा परिवार के कुएं में बैल गिर गया था। उसे निकालने के लिए सबसे पहले दो ग्रामीण रस्सी के सहारे कुएं में उतरे। कुछ देर बाद दोनों की आवाज आना बंद हो गई। उन्हें संकट में देख दो अन्य ग्रामीण बिना किसी सुरक्षा उपकरण के उन्हें बचाने के लिए कुएं में उतर गए, लेकिन वे भी जहरीली गैस और ऑक्सीजन की कमी की चपेट में आकर बेहोश हो गए। काफी देर तक कोई हलचल नहीं होने पर ग्रामीणों को अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने रस्सियों की मदद से चारों को बाहर निकाला और डायल-112 पुलिस को सूचना दी। सभी को तत्काल अमरपाटन सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। चौथे ग्रामीण को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में सतना जिला अस्पताल रेफर किया गया।

दम घुटने की आशंका, जांच जारी

अमरपाटन थाना प्रभारी विजय सिंह पारस्ते ने बताया कि कुएं में घुटनों तक पानी भरा था। प्रारंभिक जांच में जहरीली गैस और ऑक्सीजन की कमी से दम घुटने की आशंका जताई जा रही है। एसडीओपी ख्याति मिश्रा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि होगी। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतकों के नाम

राहुल यादव (34) पुत्र मोतीलाल यादव

वीरेंद्र यादव (47) पुत्र जगदीश प्रसाद यादव

कृष्णकुमार यादव (28) पुत्र रामदास यादव

गंभीर घायल

रामचंद्र यादव (42) पुत्र भानु प्रसाद यादव, जिनका सतना जिला अस्पताल में उपचार जारी है।

इस घटना के बाद पूरे खरामसेड़ा गांव में शोक की लहर है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे ने एक बार फिर बिना सुरक्षा उपकरण और गैस की जांच के कुओं में उतरने के खतरे को उजागर कर दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story