राजगढ़ः यातायात पुलिस ने ओवरलोड एवं ओवरहाइट वाहनों पर कसा शिकंजा

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः यातायात पुलिस ने ओवरलोड एवं ओवरहाइट वाहनों पर कसा शिकंजा


राजगढ़, 04 अप्रैल(हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में सड़कों पर भूसे से भरे ओवरलोड एवं ओवरहाइट वाहनों के खतरनाक संचालन को रोकने के लिए यातायात पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी के निर्देशन में चल रहे विशेष अभियान के तहत सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

यातायात थाना प्रभारी देवनारायण पाण्डेय ने बताया कि शुक्रवार की रात पुलिस टीम ने ब्यावरा शहर सहित प्रमुख मार्गों पर व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान भूसे से भरे तीन ओवरलोड एवं ओवरहाइट वाहनों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध विधिसम्मत चालानी कार्यवाही की गई तथा चालकों पर अधिकतम जुर्माना अधिरोपित किया गया। चेकिंग के दौरान वाहन चालकों को निर्धारित भार एवं ऊंचाई सीमा में ही वाहन संचालित करने की सख्त समझाइश दी गई। साथ ही चेतावनी दी गई कि भविष्य में कोई भी वाहन ओवरलोड या ओवरहाइट पाया गया तो कठोर कार्रवाई करते हुए वाहन को जप्त कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा, जहां से और अधिक दंडात्मक कार्यवाही की जाएगी।

थाना प्रभारी पाण्डेय ने बताया कि यह अभियान केवल चालान भरने तक सीमित नहीं, बल्कि जनजागरूकता बढ़ाने का भी प्रयास है, ताकि चालक स्वयं यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित यात्रा में सहयोग करें। जिला पुलिस राजगढ़ ने आमजन से अपील की है कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए ओवरलोडिंग जैसे खतरनाक उल्लंघनों से बचें और नियमों का पालन करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story