इंदौर में ट्रैफिक आरक्षक ने की खुदकुशी, दिल्ली पुलिस में हुआ था चयन, पुलिस क्वार्टर में मिला शव

WhatsApp Channel Join Now
इंदौर में ट्रैफिक आरक्षक ने की खुदकुशी, दिल्ली पुलिस में हुआ था चयन, पुलिस क्वार्टर में मिला शव


इंदौर, 25 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के मल्हारगंज थाना क्षेत्र स्थित पुलिस क्वार्टर में शनिवार को 29 वर्षीय ट्रैफिक आरक्षक अंकित तोमर ने अपने कमरे में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। अंकित का चयन हाल ही में दिल्ली पुलिस में हुआ था और वे जल्द ही वहां जॉइन करने वाले थे। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

एडिशनल डीसीपी सुमित केरकट्टा ने बताया कि चौथी पल्टन स्थित पुलिस क्वार्टर की पहली मंजिल पर रहने वाले अंकित तोमर ने शुक्रवार रात ड्यूटी से लौटने के बाद यह आत्मघाती कदम उठाया। शनिवार सुबह जब घटना की जानकारी मिली, तो वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। कमरे की सघन तलाशी ली गई, लेकिन पुलिस को कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।

मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के रहने वाले अंकित पुत्र धर्मपाल सिंह तोमर अविवाहित थे और वर्तमान में एसीपी ट्रैफिक ईस्ट कार्यालय में लिपिकीय कार्य संभाल रहे थे। साथियों से मिली जानकारी के अनुसार, अंकित का दिल्ली पुलिस में सिलेक्शन हो चुका था और अगले 3-4 महीनों में वे वहां जॉइनिंग देने वाले थे। करियर में इतनी बड़ी सफलता मिलने के बावजूद उन्होंने यह कदम क्यों उठाया, यह गुत्थी अभी उलझी हुई है।

प्रारंभिक जांच में साथियों के जरिए यह बात सामने आई है कि अंकित शुक्रवार रात करीब 10 बजे अपनी ड्यूटी खत्म कर घर लौटे थे और रात में ही यह हादसा हुआ। वहीं, दूसरी ओर छुट्टी न मिलने को लेकर मानसिक तनाव की बात भी कही जा रही है, हालांकि पुलिस प्रशासन ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। फिलहाल, शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है और इंदौर में ही रहने वाले उनके परिजनों व सहकर्मियों से पूछताछ की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Share this story