स्टेशनों पर गूंज रहे छठ के पारंपरिक गीत, यात्रियों को मिल रहा पर्व का माहौल

WhatsApp Channel Join Now
स्टेशनों पर गूंज रहे छठ के पारंपरिक गीत, यात्रियों को मिल रहा पर्व का माहौल


भोपाल, 13 नवंबर (हि.स.)। छठ महापर्व पर घर लौटने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सांस्कृतिक परंपराओं के सम्मान में पश्चिम मध्य रेलवे ने भोपाल मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर विशेष इंतजाम किए हैं। यात्रियों को छठ पर्व का एहसास कराने के लिए रानी कमलापति, इटारसी, बीना और गुना रेलवे स्टेशनों पर छठ के पारंपरिक लोकगीतों का प्रसारण किया जा रहा है। रेलवे की इस पहल से स्टेशन परिसर में भी पर्व का माहौल नजर आने लगा है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया ने बताया कि बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश की ओर जाने वाले श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। छठ के अवसर पर बड़ी संख्या में लोग अपने गृह राज्यों की यात्रा करते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए रेलवे ने स्टेशनों पर अतिरिक्त इंतजाम किए हैं।

स्टेशनों पर 'केलवा के पात पर उगेलन सुरुज देव', 'कांच ही बांस के बहंगिया' और 'छठी मइया के करब हम वरतिया' जैसे लोकप्रिय लोकगीत सुनाई दे रहे हैं। इन पारंपरिक गीतों के प्रसारण से यात्रियों को अपनी लोक संस्कृति और पर्व की परंपराओं से जुड़ाव महसूस हो रहा है।

सुरक्षा के लिए अतिरिक्त बल तैनात

यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर अतिरिक्त टिकट जांच कर्मचारियों और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों की तैनाती की गई है। स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी लगातार निगरानी की जा रही है।

सौरभ कटारिया के अनुसार, रेलवे का प्रयास है कि त्योहार के दौरान यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े और वे सुरक्षित एवं सुगम तरीके से अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।

13 नवंबर से चार दिवसीय छठ महापर्व

उल्लेखनीय है कि चार दिवसीय छठ महापर्व 13 नवंबर से नहाय-खाय के साथ शुरू हो रहा है। 14 नवंबर को खरना, 15 नवंबर को अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य और 16 नवंबर को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ व्रत का पारण किया जाएगा। इस दौरान श्रद्धालु सूर्यदेव और छठी मैया की उपासना कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना करते हैं।

छठ पर्व पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए पश्चिम मध्य रेलवे की ओर से किए गए ये इंतजाम यात्रा सुविधाओं के साथ श्रद्धालुओं को अपनी सांस्कृतिक परंपराओं से जोड़े रखने की पहल भी हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776615 Articles

Share this story