शाजापुर बायपास पर प्याज से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, कुछ देर यातायात रहा प्रभावित, पुलिस ने बहाल करवाया

WhatsApp Channel Join Now
शाजापुर बायपास पर प्याज से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, कुछ देर यातायात रहा प्रभावित, पुलिस ने बहाल करवाया


शाजापुर बायपास पर प्याज से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, कुछ देर यातायात रहा प्रभावित, पुलिस ने बहाल करवाया


शाजापुर, 06 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शाजापुरजिले के सनकोटा बायपास पर सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे प्याज से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में ट्रैक्टर पर सवार दोनों लोग सुरक्षित बच गए, जबकि सड़क पर प्याज की बोरियां बिखर जाने से कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली घाटी उतर रही थी। इसी दौरान निर्माणाधीन सड़क पर पड़े पत्थर से वाहन का संतुलन बिगड़ गया और ट्रॉली पलट गई। हादसे के बाद ट्रॉली में लदी प्याज की बोरियां सड़क पर फैल गईं, जिससे मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया। जानकारी के मुताबिक, ग्राम सामगी कनार्दी निवासी महादेव गोठी और संग्राम गोठी ट्रैक्टर-ट्रॉली में प्याज भरकर शाजापुर मंडी बेचने जा रहे थे। दुर्घटना के समय दोनों ट्रैक्टर पर ही सवार थे। राहत की बात यह रही कि दोनों को कोई गंभीर चोट नहीं आई और हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

पुलिस ने संभाला मोर्चा, जल्द बहाल कराया यातायात

घटना की सूचना मिलते ही लालघाटी डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। आरक्षक जितेंद्र मालवीय और पायलट कमलेश ने तत्काल यातायात को व्यवस्थित कराया तथा दुर्घटनास्थल को सुरक्षित किया। इसके बाद सड़क पर बिखरी प्याज की बोरियों और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटवाकर मार्ग को साफ कराया गया। पुलिस की तत्परता से कुछ ही देर में यातायात पूरी तरह सामान्य हो गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story