(अपडेट) उमरियाः ट्रैक्टर ट्राली पलटने से चार लोगों की मौत, 41 घायल

WhatsApp Channel Join Now
(अपडेट) उमरियाः ट्रैक्टर ट्राली पलटने से चार लोगों की मौत, 41 घायल


उमरिया, 29 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उमरिया और अनूपपुर जिले की सीमा पर शुक्रवार शाम श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्राली पटलने से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 41 लोग घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

पुलिस के अनुसार, ट्रैक्टर ट्राली में सवार होकर सभी लोग ग्राम पड़मनिया से ग्राम बिजौरा पूजा अर्चना करने जा रहे थे, तभी ट्रैक्टर ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई जिसमें चार लोगों की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान घनश्याम सिंह (45 वर्ष, निवासी पड़मनिया, अनूपपुर), सहबल बैगा (55 वर्ष, पुत्र गल्ली राम, निवासी गिजरी, अनूपपुर), भूपत सिंह (50 वर्ष, निवासी पड़मनिया) एवं बीर सिंह (60 वर्ष, निवासी गिजरी) के रूप में हुई है।

ट्रैक्टर-ट्रॉली में करीब 50 लोग सवार थे, जो ग्राम पडमनिया से पूजा-अर्चना के लिए ग्राम बिजौरा जा रहे थे। इसी दौरान सनी धाम के पास वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि ट्रॉली में सवार कई लोग उसके नीचे दब गए और घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही पाली एसडीएम एवं पाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया। घायलों को तत्काल एम्बुलेंस एवं अन्य वाहनों की सहायता से पाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्‍द्र त्रिपाठी

Share this story