मुरैना में अवैध रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, चालक फरार

WhatsApp Channel Join Now
मुरैना में अवैध रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, चालक फरार


मुरैना, 28 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में अवैध रेत परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बुधवार को सिविल लाइन और स्टेशन रोड थाना पुलिस ने रेत से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की है। वाहन की अनुमानित कीमत करीब 7 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस को देखकर चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

पुलिस के अनुसार, बुधवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि धौलपुर की ओर से नीले रंग के ट्रैक्टर-ट्रॉली में अवैध रेत भरकर लाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने बैरियर चौराहे पर वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ट्रैक्टर को तेज रफ्तार से चलाते हुए जौरा रोड की ओर भाग निकला।

पुलिस टीम ने वाहन का पीछा किया। इस दौरान चालक मुरैना गांव और टेहटा गांव के बीच रास्ते में ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन की जांच की तो उसमें रेत भरी मिली, जिसे अवैध रूप से परिवहन किया जा रहा था। इसके बाद पुलिस ने करीब 7 लाख रुपये कीमत की ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर ली।

पुलिस ने मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 546/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) और 317(5) में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। वाहन को राजसात करने की आगे की कार्रवाई के लिए वन विभाग को भी सूचित किया गया है। पुलिस फरार चालक की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768503 Articles

Share this story