धार में कांवड़ियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पुल से नीचे गिरी, 20 लाेग घायल, स्टीयरिंग फेल होने से हुआ हादसा
धार, 24 अगस्त (हि.स.) । मध्य प्रदेश के धार जिले के कुक्षी थाना क्षेत्र में सावन के चौथे सोमवार को नर्मदा जल लेने जा रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली का स्टीयरिंग फेल हो गया। इसके चलते वाहन अनियंत्रित होकर पुल से नीचे गिर गया। इस हादसे में करीब 20 कांवड़िए घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद सभी गंभीर घायलों को बड़वानी जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
धार जिले में सावन के चौथे सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। कुक्षी थाना क्षेत्र अंतर्गत निसरपुर चौकी के ग्राम कडमाल से करीब एक किलोमीटर दूर स्थित पुल पर श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली दुर्घटनाग्रस्त होकर पुल से नीचे गिर गई। हादसे में लगभग 20 कांवड़िए घायल हो गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, करीब 30 श्रद्धालु पुराने चिखलदा की ओर मां नर्मदा का जल लेने के लिए कांवड़ यात्रा पर निकले थे। जैसे ही उनकी ट्रैक्टर-ट्रॉली कडमाल गांव के पास पुल पर पहुंची, अचानक वाहन का स्टीयरिंग फेल हो गया। ड्राइवर का वाहन पर से नियंत्रण छूट गया और तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली सीधे पुल से नीचे जा गिरी।
हादसा होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही कुक्षी पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से राहत व बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस और ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त वाहन से घायलों को बाहर निकाला।
हादसे में घायल 20 श्रद्धालुओं को तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बड़वानी जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। कुक्षी पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

