धान की रोपाई के दौरान खेत में पलटा ट्रैक्टर, चालक को ग्रामीणों ने सुरक्षित निकाला

WhatsApp Channel Join Now
धान की रोपाई के दौरान खेत में पलटा ट्रैक्टर, चालक को ग्रामीणों ने सुरक्षित निकाला


सागर, 25 जुलाई (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के सागर जिले के देवरी थाना क्षेत्र के ग्राम रामगढ़ में शनिवार को धान की रोपाई के लिए खेत तैयार करते समय ट्रैक्टर पलटने से चालक उसके नीचे दब गया। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हादसे में चालक की जान बच गई।

जानकारी के अनुसार देवरी के खंडेराव वार्ड निवासी देवेंद्र बैरागी शनिवार को ग्राम रामगढ़ में अंकु महाराज के खेत में धान की रोपाई के लिए पडलिंग (मिट्टी मचाने) का कार्य कर रहे थे। लगातार बारिश के कारण खेत में पानी भरा हुआ था और जमीन काफी दलदली हो चुकी थी।

इसी दौरान ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गया। चालक देवेंद्र बैरागी वाहन के नीचे दब गए। घटना होते ही खेत में मौजूद लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और सामूहिक प्रयास से ट्रैक्टर को उठाकर चालक को बाहर निकालने का प्रयास किया। लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद देवेंद्र बैरागी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते सभी लोग मदद के लिए पहुंच गए, जिससे बड़ी अनहोनी टल गई। समय पर किए गए राहत कार्य के कारण चालक की जान बच गई।

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

Share this story