उज्जैन में सदाबल सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट क्षेत्र से गुजरने वाली 132 केवी लाइन के 5 टावर होंगे शिफ्ट : ऊर्जा मंत्री तोमर

WhatsApp Channel Join Now
उज्जैन में सदाबल सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट क्षेत्र से गुजरने वाली 132 केवी लाइन के 5 टावर होंगे शिफ्ट : ऊर्जा मंत्री तोमर


उज्जैन में सदाबल सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट क्षेत्र से गुजरने वाली 132 केवी लाइन के 5 टावर होंगे शिफ्ट : ऊर्जा मंत्री तोमर


सिंहस्थ-28 के मद्देनजर पारेषण नेटवर्क की सुरक्षा और रखरखाव को सुगम बनाने एमपी ट्रांसको की पहल

भोपाल, 11 नवम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक सिंहस्थ-28 आयोजन के दौरान उज्जैन में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने और पारेषण नेटवर्क की सुरक्षा बनाए रखने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) द्वारा महत्वपूर्ण विद्युत पारेषण लाइन के मार्ग में बदलाव किया जा रहा है। इसके तहत सदाबल सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट क्षेत्र से गुजरने वाली 132 केवी उज्जैन-रताड़िया ट्रांसमिशन लाइन के पांच टावरों को शिफ्ट करने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।

ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बुधवार को बताया कि सदाबल सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट क्षेत्र के लगभग 1026 मीटर लंबाई और 686 मीटर चौड़ाई वाले हिस्से में 132 केवी ट्रांसमिशन लाइन के पांच टावर स्थित हैं। यह क्षेत्र पानी में डूबा रहने के कारण इन टावरों और लाइन का नियमित रखरखाव करने में कठिनाइयां आती हैं। इसके अलावा लगातार पानी में डूबे रहने के कारण टावर की मजबूती पर भी विपरीत असर पड़ता है,इसे देखते हुए एमपी ट्रांसको द्वारा पांचों टावरों को उपयुक्त वैकल्पिक स्थानों पर शिफ्ट किया जा रहा है। इससे लाइन के रखरखाव और मेंटेनेंस कार्य अधिक सुगमता से किए जा सकेंगे तथा पारेषण नेटवर्क की सुरक्षा और विश्वसनीयता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

सिंहस्थ मेला क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति के लिए महत्वपूर्ण है लाइन

ऊर्जा मंत्री तोमर ने कहा कि सिंहस्थ जैसे बड़े आयोजन के दौरान उज्जैन में निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखना महत्वपूर्ण है। इसे ध्यान में रखते हुए एमपी ट्रांसको द्वारा पारेषण नेटवर्क की सुरक्षा, रखरखाव और विश्वसनीयता से जुड़े आवश्यक कार्य समय रहते किए जा रहे हैं, ताकि आयोजन के दौरान विद्युत आपूर्ति व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

यह 132 केवी ट्रांसमिशन लाइन 220 केवी सबस्टेशन शंकरपुरा, उज्जैन से 132 केवी सबस्टेशन रताड़िया को जोड़ती है। रताड़िया सबस्टेशन सिंहस्थ मेला क्षेत्र के अंतर्गत आता है। उज्जैन शहर और सिंहस्थ क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति की दृष्टि से महत्वपूर्ण इस लाइन का निर्माण वर्ष 1992 में किया गया था, जबकि सदाबल सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण वर्ष 2013-14 में हुआ था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775405 Articles

Share this story