चंदेरी से आकाश में उड़े पर्यटन के पंख, पीएमश्री हेली सेवा आरंभ

WhatsApp Channel Join Now
चंदेरी से आकाश में उड़े पर्यटन के पंख, पीएमश्री हेली सेवा आरंभ


अशोकनगर,19 अप्रैल(हि.स.)। मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले के चंदेरी में पर्यटन विरासत को आधुनिक रफ्तार देते हुए मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने रविवार को पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा के नए सेक्टर भोपाल-चंदेरी-ओरछा का विधिवत शुभारंभ किया। राजधानी भोपाल के स्टेट हैंगर से हरी झंडी दिखाने के बाद, दोपहर तीन बजे हेलीकॉप्टर पर्यटकों को लेकर चंदेरी के ऐतिहासिक कीर्ति दुर्ग किला कोठी हेलीपैड पर उतरा।

पर्यटकों का शाही स्वागत:

जैसे ही हेलीकॉप्टर चंदेरी की धरती पर लैंड हुआ, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासन ने पुष्प मालाओं के साथ पर्यटकों का आत्मीय स्वागत किया। पर्यटकों के चेहरे पर भोपाल से चंदेरी तक के हवाई सफर और ऊपर से दिखने वाले प्राकृतिक दृश्यों का उत्साह साफ नजर आया।

किराया सूची और विशेष पैकेज:

मुख्यमंत्री ने इस सेवा को आम पर्यटकों की पहुंच में रखने के लिए रियायती दरों की घोषणा की है। राज्य सरकार इस सेवा के संचालन के लिए भारी मैचिंग ग्रांट (अनुदान) दे रही है

रूट किराया (प्रति व्यक्ति)

चंदेरी से ओरछा 2,750

भोपाल से चंदेरी 5,500

भोपाल से ओरछा 6,500

विशेष भोपाल-ओरछा पैकेज: 14,500 (इसमें 13,000 किराया, 1,150 टैक्सी शुल्क और 350 दर्शन व प्रसाद की व्यवस्था शामिल है)।

पर्यटन और स्थानीय रोजगार को मिलेगी नई ऊर्जा:

इस हेली सेवा के शुरू होने से चंदेरी और अशोकनगर जिले को कई बड़े लाभ होने की उम्मीद है। ऐतिहासिक विरासत तक सुगम पहुंच अब पर्यटक कम समय में चंदेरी के किलों और ओरछा के राम राजा मंदिर के दर्शन कर सकेंगे।

हस्तशिल्प को बढ़ावा: चंदेरी आने वाले पर्यटकों की संख्या बढऩे से विश्व प्रसिद्ध चंदेरी साड़‍ियों और स्थानीय बुनकरों के व्यापार में भारी उछाल आएगा।

हवाई विहंगम दृश्य: पर्यटकों को मध्य प्रदेश के जंगलों, महलों और मंदिरों का एरियल व्यू देखने का अनूठा अनुभव मिलेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के अनुसार, इस सेवा का उद्देश्य मध्य प्रदेश को धार्मिक और हेरिटेज पर्यटन का केंद्र बनाना है। चंदेरी जैसे ऐतिहासिक स्थल अब सीधे हवाई मार्ग से जुड़ने के कारण अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों को भी अपनी ओर आकर्षित करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र ताम्रकार

Share this story