भोपाल में कचरे से बनेगा टोरिफाइड चारकोल, प्लांट का ट्रायल रन शुरू

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल में कचरे से बनेगा टोरिफाइड चारकोल, प्लांट का ट्रायल रन शुरू


भोपाल, 27 मार्च (हि.स.)। स्वच्छ भारत मिशन के तहत सस्टेनेबल वेस्ट मैनेजमेंट की दिशा में भोपाल नगर निगम ने एक अहम कदम उठाया है। शहर के सूखे कचरे के शत-प्रतिशत निष्पादन के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए शुक्रवार को आदमपुर में स्थापित टोरिफाइड चारकोल प्लांट का ट्रायल रन शुरू कर दिया गया है।

नेशनल थर्मल पावर कॉरपोरेशन (एनटीपीसी) के सहयोग से स्थापित इस प्लांट के जरिए प्रतिदिन 400 टन सूखे कचरे से टोरिफाइड चारकोल तैयार किया जाएगा। तैयार चारकोल का उपयोग एनटीपीसी अपने कार्यों में करेगा।

नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन ने शुक्रवार को प्लांट का निरीक्षण कर इसकी कार्यप्रणाली और क्षमता की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संयंत्र का पूर्ण संचालन जल्द से जल्द सुनिश्चित किया जाए।

अधिकारियों के अनुसार, इस प्लांट के निर्माण और संचालन के लिए 12 अक्टूबर 2021 को अनुबंध किया गया था। ट्रायल रन के तहत पिछले तीन दिनों में करीब 800 टन सूखा कचरा प्लांट को उपलब्ध कराया गया है, जबकि पूरे ट्रायल के दौरान लगभग 1800 टन कचरे का प्रोसेस किया जाएगा।

पीपीपी मॉडल पर करीब 220 करोड़ रुपये की लागत से 15 एकड़ भूमि पर स्थापित यह संयंत्र मध्यप्रदेश का पहला और देश का दूसरा टोरिफाइड चारकोल प्लांट है। इससे पहले वाराणसी में ऐसा संयंत्र स्थापित किया गया था।

इस प्लांट के शुरू होने से जहां सूखे कचरे के निपटान पर होने वाले खर्च में कमी आएगी, वहीं कचरे का वैज्ञानिक तरीके से प्रबंधन संभव हो सकेगा और नए कचरा ढेर (लेगसी वेस्ट) बनने से भी रोका जा सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

Share this story