राजगढ़ः तिरंगा यात्रा में उमड़ा देशभक्ति का सैलाब, भारत माता के जयघोष से गूंजा शहर

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः तिरंगा यात्रा में उमड़ा देशभक्ति का सैलाब, भारत माता के जयघोष से गूंजा शहर


राजगढ़, 13 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में स्वतंत्रता दिवस की आहट के साथ जिला मुख्यालय में गुरुवार को देशभक्ति का उत्साह चरम पर नजर आया। जिला स्तरीय तिरंगा यात्रा में स्कूली विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ नागरिकों और आमजन ने हाथों में तिरंगा लेकर उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

सड़कों पर लहराते तिरंगे और गूंजते ‘भारत माता की जय’ के जयघोष ने माहौल को राष्ट्रप्रेम से भर दिया। यात्रा के दौरान देशभक्ति गीतों की प्रस्तुतियों ने लोगों में उत्साह और उमंग का संचार किया। ‘मध्य प्रदेश सुख का दाता, सबका साथी’ सहित देशभक्ति गीतों के सामूहिक गायन से वातावरण देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। विद्यार्थियों में स्वतंत्रता दिवस को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया।

तिरंगा यात्रा के माध्यम से नागरिकों को संदेश दिया गया कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की स्वतंत्रता, स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और भारत के गौरव का प्रतीक है। लोगों से स्वतंत्रता दिवस को सिर्फ उत्सव के रूप में मनाने के बजाय राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को समझने और देश की प्रगति में योगदान देने का संकल्प लेने का आह्वान किया गया। खुली जीप में दिखे भारत माता, विवेकानंद और भगत सिंह खुली जीप में भारत माता, स्वामी विवेकानंद और शहीद भगत सिंह की वेशभूषा में सजे बच्चे आकर्षण का केंद्र रहे। उनके स्वरूप ने स्वतंत्रता संग्राम के नायकों के त्याग और राष्ट्रप्रेम की यादें ताजा कर दीं। विधायक राजगढ़ अमरसिंह यादव ने नागरिकों से हर घर तिरंगा अभियान में सहभागिता करते हुए पोर्टल पर सेल्फी अपलोड करने की अपील की। यात्रा में पूर्व विधायक रघुनंदन शर्मा, कलेक्टर डॉ. गिरीशकुमार मिश्रा, एसपी अमित तोलानी, जिला पंचायत सीईओ डॉ. इच्छित गढ़पाले सहित अधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी और आमजन मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story