जबलपुर : तिलवारा घाट पर युवती ने उफनती नर्मदा में लगाई छलांग, तलाश जारी

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुर : तिलवारा घाट पर युवती ने उफनती नर्मदा में लगाई छलांग, तलाश जारी


जबलपुर, 29 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में तिलवारा घाट स्थित नर्मदा नदी के छोटे पुल पर मंगलवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवती ने कथित तौर पर मुझे बचाना नहीं’ कहते हुए उफनती नर्मदा में छलांग लगा दी। युवती को नदी में कूदते देख मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव के बीच वह लापता हो गई।

पुलिस के अनुसार, शाम के समय तिलवारा घाट पर लोग स्नान कर रहे थे। इसी दौरान युवती छोटे पुल पर पहुंची और अचानक नदी में छलांग लगा दी। घाट पर मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही युवती तेज बहाव में बह गई।

घटना के समय मौके पर मौजूद स्थानीय नाविक चिंटू बर्मन (38), निवासी ग्राम घाना ने युवती को बचाने के लिए तत्काल नदी में छलांग लगा दी। उन्होंने नाव और तैरकर युवती तक पहुंचने का प्रयास किया, लेकिन नदी की गहराई और तेज बहाव के कारण वह युवती तक नहीं पहुंच सके। कुछ ही देर में युवती पानी में ओझल हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही तिलवारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से नर्मदा नदी में युवती की तलाश शुरू कराई, लेकिन देर तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।

पुलिस युवती की पहचान का पता लगाने के लिए आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की शिकायतों की जानकारी भी जुटा रही है। फिलहाल नदी में सर्च ऑपरेशन जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story