पन्नाः बाघिन पी-652 ने दो शावकों को दिया जन्म, टाइगर रिजर्व हुआ गुलजार

WhatsApp Channel Join Now
पन्नाः बाघिन पी-652 ने दो शावकों को दिया जन्म, टाइगर रिजर्व हुआ गुलजार


पन्ना, 02 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के पन्ना टाइगर रिजर्व से वन्यजीव प्रेमियों के लिए खुशखबरी सामने आई है। धुंधुआ सेहा क्षेत्र में बाघिन पी-652 ने दो शावकों को जन्म दिया है।

पन्ना टाइगर रिजर्व के उप संचालक वीरेंद्र पटेल ने गुरुवार को बताया कि दोनों शावकों की उम्र लगभग 10 दिन है और मां व शावक पूरी तरह स्वस्थ हैं। वन विभाग की विशेष टीम हाथियों और आधुनिक तकनीकों की मदद से 24 घंटे उनकी निगरानी कर रही है, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।

धुंधुआ सेहा क्षेत्र का वन्यजीव संरक्षण के इतिहास में विशेष महत्व है। वर्ष 2010 में बाघ पुर्नस्थापन कार्यक्रम के दौरान इसी क्षेत्र में बाघिन पी-1 ने अपने पहले चार शावकों को जन्म दिया था, जिसने पन्ना में बाघों की संख्या बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई थी। पूरे क्षेत्र को हाई अलर्ट पर रखकर लगातार निगरानी की जा रही है। टाइगर रिजर्व प्रबंधन को उम्मीद है कि दोनों शावकों के सुरक्षित विकास से पन्ना टाइगर रिजर्व में बाघों की संख्या और मजबूत होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश पांडे

Share this story