रीवा के बंदोगावा में तेंदुए का हमला, 15 बकरियों को उतारा मौत के घाट, युवक घायल
रीवा, 21 फरवरी (हि.स.)। मध्यप्रदेश के रीवा जिले के मऊगंज क्षेत्र अंतर्गत हनुमना वन परिक्षेत्र की ग्राम पंचायत लोढ़ी के बंदोगावा गांव में शुक्रवार देर रात तेंदुए के हमले से दहशत फैल गई। रिहायशी इलाके में घुसे तेंदुए ने एक घर के बाड़े में बंधी करीब 15 बकरियों को मार डाला और उन्हें बचाने पहुंचे एक युवक पर भी हमला कर घायल कर दिया।
जानकारी के अनुसार घटना शुक्रवार रात लगभग 1 से 2 बजे के बीच की है। गांव निवासी मिश्री लाल कोल अपने परिवार के साथ कच्चे मकान में सो रहे थे। इसी दौरान तेंदुआ दीवार फांदकर और कच्ची छत को नुकसान पहुंचाते हुए घर के अंदर घुस गया। बाड़े में बंधी बकरियों की आवाज सुनकर मिश्री लाल का पुत्र बाबूलाल कोल बाहर पहुंचा, तभी तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया।
हमले में बाबूलाल कोल घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, बाड़े में बंधी लगभग 15 बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई।
शोर सुनकर ग्रामीण इकट्ठा हुए, जिसके बाद तेंदुआ मौके से भाग निकला। घटना के बाद पूरे गांव में भय का माहौल है और लोग रातभर सहमे रहे।
सूचना मिलते ही ग्राम पंचायत लोढ़ी के सरपंच और वन विभाग की टीम शनिवार सुबह मौके पर पहुंची। वन परिक्षेत्राधिकारी नयन तिवारी ने दल-बल के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ित परिवार को सांत्वना दी।
पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. के.के. गुप्ता को बुलाकर मृत बकरियों का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराया गया। सरपंच ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार की आजीविका का मुख्य साधन रही बकरियों के नुकसान की भरपाई के लिए शीघ्र मुआवजा प्रदान किया जाए।
वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने, रात में अकेले बाहर न निकलने और बच्चों को घर के भीतर सुरक्षित रखने की सलाह दी है। तेंदुए की गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है तथा उसे पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की तैयारी की जा रही है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी

