स्वामित्व योजना से ग्रामीणों को मिला मकानों का कानूनी मालिकाना हक, अगोरिया में सभी 80 रजिस्ट्रियां पूर्ण
मंदसौर, 06 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश शासन की स्वामित्व योजना ग्रामीणों के लिए बड़ी सौगात साबित हो रही है। योजना के माध्यम से ग्रामीणों के वर्षों पुराने मकानों की रजिस्ट्री कराकर उन्हें वास्तविक रूप से कानूनी मालिकाना हक प्रदान किया जा रहा है। इससे ग्रामीणों की वर्षों पुरानी दस्तावेज संबंधी चिंता दूर हुई है। यह बात गुरुवार को मंदसौर तहसील के ग्राम अगोरिया में आयोजित कार्यक्रम में सांसद सुधीर गुप्ता एवं राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर ने कही।
कार्यक्रम में स्वामित्व योजना की सूची के अंतिम हितग्राही समरथ पिता भेरूलाल के 1700 वर्गफीट क्षेत्रफल में बने मकान की भी रजिस्ट्री कराई गई। इसके साथ ही ग्राम अगोरिया में सभी 80 मकानों की रजिस्ट्रियां पूरी कर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर लिया गया। मंदसौर तहसील के ग्राम साकलखेड़ा और रींदकवां में भी रजिस्ट्री का कार्य शत-प्रतिशत पूरा हो चुका है।
इस अवसर पर सांसद द्वय ने स्वामित्व योजना के हितग्राहियों का फूल-मालाओं से स्वागत एवं सम्मान किया। कार्यक्रम में एसडीएम शुभम पाटीदार और ग्राम पंचायत सरपंच घनश्याम भी उपस्थित रहे।
सांसद सुधीर गुप्ता ने कहा कि धनतेरस के शुभ अवसर पर ग्रामीणों को स्वामित्व योजना का लाभ मिल रहा है। ग्राम अगोरिया में शत-प्रतिशत रजिस्ट्रियां पूरी होने से ग्रामीणों के बीच खुशी का माहौल है।
वहीं, राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने धनतेरस के अवसर पर ग्रामीणों को यह सौगात दी है। ग्रामीण पीढ़ियों से अपने मकानों में निवास कर रहे थे, लेकिन उनके पास स्वामित्व से जुड़े वैध दस्तावेज नहीं थे। अब शासन ने रिकॉर्ड तैयार कर आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराए हैं, जिससे उन्हें अपने मकानों का कानूनी मालिकाना हक मिला है और उनकी चिंता दूर हुई है। कार्यक्रम का संचालन करते हुए तहसीलदार नीलेश पटेल ने स्वामित्व योजना के तहत अब तक कराए गए रजिस्ट्री कार्य की जानकारी दी।
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

