सतना में तीन मंजिला मकान धू-धूकर जला, पांच लोगों की बची जान

WhatsApp Channel Join Now
सतना में तीन मंजिला मकान धू-धूकर जला, पांच लोगों की बची जान


सतना, 18 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सतना शहर के कामता टोला में शुक्रवार दोपहर एक पन्नी कारोबारी के तीन मंजिला मकान में अचानक भीषण आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी इमारत धुएं और लपटों से घिर गई। हादसे के समय मकान की ऊपरी मंजिलों पर पांच लोग फंस गए थे। इनमें दो बच्चे छत पर और तीन लोग दूसरी मंजिल पर मौजूद थे। पुलिस, प्रशासन, दमकलकर्मियों और स्थानीय लोगों की तत्परता से सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

आग की तेज लपटों और तपिश के कारण मकान की दीवारों में दरारें आ गईं। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने आसपास के कई मकानों को भी एहतियातन खाली करा दिया। आग बुझाने के दौरान दमकल वाहन का हाइड्रोलिक सिस्टम खराब हो जाने से राहत और बचाव कार्य में कुछ समय के लिए परेशानी भी सामने आई।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर कामता टोला स्थित तीन मंजिला मकान में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग की लपटें ऊपरी मंजिलों तक पहुंच गईं और काले धुएं का गुबार पूरे इलाके में फैल गया। आग की भयावहता देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

मकान में मौजूद कुछ लोग किसी तरह बाहर निकल आए, लेकिन दो बच्चे छत पर फंस गए। वहीं दूसरी मंजिल पर अनिल कुशवाहा और दो महिलाएं धुएं और आग के बीच फंस गईं। ऊपरी मंजिलों पर लोगों के फंसे होने की जानकारी मिलते ही पुलिस, दमकल टीम और आसपास के लोग बचाव कार्य में जुट गए।

आग और धुएं के बीच छत पर फंसे दोनों बच्चों को पड़ोसियों ने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित नीचे उतारा। इसके बाद दूसरी मंजिल पर फंसे अनिल कुशवाहा और दो महिलाओं को भी पुलिस एवं सुरक्षा टीम ने सीढ़ी की मदद से बाहर निकाला।

रेस्क्यू के दौरान मकान के अंदर धुआं इतना अधिक था कि बचाव दल के लिए आगे बढ़ना भी मुश्किल हो रहा था। आग की तेज गर्मी के कारण अंदर जाना जोखिम भरा बना हुआ था। इसके बावजूद टीम ने सावधानी के साथ पांचों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। आग की घटना के बाद पूजा सोंधिया, कमल सोंधिया और पवन कुशवाहा को एहतियात के तौर पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

Share this story