उन्हेल रोड पर कार और आयशर की भिडंत, कार सवार तीन लोगों की दर्दनाक मौत, एक की हालत गंभीर
उज्जैन में भीषण सड़क हादसा: तीन दोस्तों की मौत, सांवरिया सेठ के दर्शन पर जा रहे थे
उज्जैन , 17 मार्च (हि.स.)। मध्यप्रदेश के उज्जैन में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। उन्हेल रोड पर ग्राम गोयला बुजुर्ग और ढ़ाबला के बीच हुई इस भीषण टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। सभी दोस्त सांवरिया सेठ के दर्शन के लिए निकले थे, लेकिन रास्ते में ही हादसे का शिकार हो गए।
भेरूगढ़ थाना पुलिस के अनुसार, स्विफ्ट कार (एमपी 09 सीएल 0911) और लहसुन से भरे आयशर वाहन के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए। इस दुर्घटना में भाजपा जीवाजीगंज मंडल उपाध्यक्ष कैलाश उर्फ रिंकू शर्मा (48) और कृषि उपज मंडी के व्यापारी देवेंद्र जोशी (47), दोनों निवासी अब्दालपुरा, की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार की पिछली सीट पर बैठे प्रॉपर्टी ब्रोकर सुरेश नवलानी और प्रवेश मारोठिया गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान शाम को सुरेश नवलानी ने भी दम तोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के आगे बैठे दोनों लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला, जबकि पीछे बैठे यात्री झटके के कारण आगे की सीट तक आ गए। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों और मृतकों को कार से बाहर निकाला। सूचना मिलते ही एम्बुलेंस और पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आयशर वाहन तेज रफ्तार में था और चालक नियंत्रण खो बैठा, जिससे सामने से आ रही कार से सीधी भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद आयशर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को जब्त कर आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश जारी है।
इस हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहगीरों ने तत्काल मदद करते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आलोक शर्मा ने बताया कि दोनों वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा है और मामले की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्वेल

