शहडोल: निर्माणाधीन मकान की छत ढहने से तीन मजदूर दबे, दो की हालत गंभीर

WhatsApp Channel Join Now
शहडोल: निर्माणाधीन मकान की छत ढहने से तीन मजदूर दबे, दो की हालत गंभीर


शहडोल, 11 जुलाई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के शहडोल जिले की कृष्णा कॉलोनी में शनिवार दोपहर एक निर्माणाधीन मकान की छत ढलाई के दौरान सेंटरिंग का सपोर्ट अचानक खिसक गया, जिससे पूरी संरचना ढह गई। इस हादसे में छत पर काम कर रहे तीन मजदूर मलबे के नीचे दब गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को मलबे से बाहर निकालकर जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, दो मजदूरों की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार हादसा कोतवाली थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 28 स्थित कृष्णा कॉलोनी में हुआ, जहां धनपुरी निवासी मयंक अग्रवाल के मकान का निर्माण कार्य चल रहा था। शनिवार को दोपहर में छत की ढलाई का काम किया जा रहा था। इसी दौरान नीचे सेंटरिंग को थामने के लिए लगाए गए लोहे के जैक और लकड़ी की बल्लियों का सपोर्ट अचानक खिसक गया। सपोर्ट हटते ही कंक्रीट का भारी-भरकम ढांचा असंतुलित होकर नीचे गिर गया और वहां काम कर रहे मजदूर उसकी चपेट में आ गए। छत गिरते ही वहां मौजूद अन्य कामगारों और आस-पास के निवासियों ने तत्परता दिखाते हुए मलबे को हटाना शुरू किया।

सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और रेस्क्यू ऑपरेशन में मदद की। मलबे से निकाले गए तीनों मजदूरों को तुरंत एम्बुलेंस से जिला चिकित्सालय भिजवाया गया, जहां चिकित्सों की टीम उनकी निगरानी कर रही है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए निर्माण स्थल पर काम रुकवा दिया है। शुरुआती जांच में सेंटरिंग फेल होना ही दुर्घटना की वजह माना जा रहा है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि निर्माण के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Share this story