अनूपपुर: दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन घायल, एक रेफर

WhatsApp Channel Join Now
अनूपपुर: दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन घायल, एक रेफर


अनूपपुर: दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन घायल, एक रेफर


अनूपपुर, 09 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर कोतवाली थाना क्षेत्र में सोमवार रात दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोग घायल हो गए। इनमें एक युवक की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद रेफर किया गया। घायल किशोर और अधेड़ का जिला चिकित्सालय में इलाज जारी है।

पहली घटना रामपुर मुख्य मार्ग पर रामपुर-टघरा गांव के पास बाइक सवार 24 वर्षीय सुशील चौरसिया पुत्र नानदेव चौरसिया और पीछे बैठे राजू बैगा (किशोर), पुत्र ठग्गू बैगा, दोनों निवासी रामपुर को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर से बाइक का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उनके परिजनों को सूचना दी। इसके बाद दोनों को निजी वाहन से जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। जहां सुशील के सिर पर करीब 50 से 55 टांके लगाए गए।

डॉक्टरों के अनुसार सिर के दोनों तरफ लंबे घाव होने से काफी खून बहा था। खून रोकने के लिए टांके लगाए गए। उनकी हालत स्थिर बताई गई, लेकिन सिर में गंभीर चोट के कारण रेफर कर दिया गया।

वहीं किशोर राजू के चेहरे, हाथ और पीठ समेत शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं। परिजनों के अनुसार सुशील तीन भाइयों में सबसे छोटा है और स्थानीय निजी कंपनी में काम करता है। वहीं, राजू शासकीय उच्च विद्यालय रामपुर में कक्षा 9वीं का छात्र है। राजू ने बताया कि उसे हादसे के बारे में कुछ याद नहीं है। परिजनों ने दोनों को किसी काम से बाइक पर जाते देखा था, लेकिन वे कहां जा रहे थे, इसकी जानकारी नहीं है।

दूसरी घटना रात 9 बजे अनूपपुर-चचाई मुख्य मार्ग पर मेडियारास गांव के पेट्रोल पंप के पास हुई। घर के लिए सामान खरीदने बाइक से अनूपपुर आ रहे 42 वर्षीय प्रेमलाल रौतेल पुत्र स्वर्गीय मतैया रौतेल, निवासी मेडियारास को अज्ञात पिकअप ने टक्कर मार दी। हादसे में प्रेमलाल गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें जिला चिकित्सालय पहुंचाया। उनके सिर और पैर में चोटें आई हैं। डॉक्टरों के अनुसार जांच के बाद चोटों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल तीनों घायलों का इलाज जारी है। जिला चिकित्सालय के पुलिस सहायता केंद्र में घायलों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774635 Articles

Share this story