राजगढ़ः मुरैना से उज्जैन शादी में जा रही बस पलटी,तीन की मौत, 27 घायल

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः मुरैना से उज्जैन शादी में जा रही बस पलटी,तीन की मौत, 27 घायल


राजगढ़, 30 अप्रैल(हि.स.)। राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर गुरुवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे ने खुशियों के माहौल को मातम में बदल दिया। थाना ब्यावरा शहर क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम कांचरी जोड़ के पास सुबह लगभग 5:30 बजे मुरैना से उज्जैन जा रही एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। यह बस धर्मेंद्र ट्रैवल्स की थी, जिसका क्रमांक एमपी 70 जेडडी 6654 बताया गया है। बस में सवार सभी लोग एक ही परिवार, तोमर परिवार के सदस्य थे, जोकि उज्जैन में एक मई को आयोजित शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे।

हादसे के समय बस में लगभग 60 से 70 यात्री सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस तेज रफ्तार में चल रही थी, तभी अचानक चालक का नियंत्रण वाहन पर से हट गया। देखते ही देखते बस सड़क पर पलट गई और करीब 20 से 25 फीट तक घिसटती चली गई। हादसा इतना भयावह था कि बस के पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

इस दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में विष्णु उर्फ अंशु (25) पुत्र धर्मेंद्र तोमर, अभय (24) पुत्र दिवाकर सिंह तोमर और बटोली देवी (60) पत्नी अशोक सिंह तोमर, सभी निवासी रछेड़ जिला मुरैना शामिल हैं। वहीं कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। गंभीर घायलों में अनीता तोमर (50), तृष्टी (5), शिवम (17), अश्वनी सिंह (35), विश्वजीत (38), अमन सिंह (23), शांभवी (3) और ललिता तोमर (45) शामिल हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल रेफर किया गया है।

इसके अलावा अन्य घायलों में अजय शर्मा (47), आरोही (9), अविका (4), सतीश राजावत (42), कुलदीप (32), संघमित्रा (65), रविता (38), अर्चना (29), मन्नू (7), वेदिका (13), दिव्यांश (28), जय (7), ब्रह्मा कुमार (36), मधुराज (20), आकांक्षा (28), आदित्य (23), सुधा (35), आर्य (7) और शिवा (23) शामिल हैं। इन सभी का इलाज ब्यावरा और आसपास के अस्पतालों में जारी है।

हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य तत्काल शुरू किया गया। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए क्रेन की सहायता लेनी पड़ी। राहत टीमों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही राज्यमंत्री नारायण सिंह पंवार सिविल अस्पताल ब्यावरा पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। इनमें एएसपी के.एल. बंजारे, एसडीएम गोविंद कुमार दुबे, एसडीओपी प्रकाश शर्मा, तहसीलदार आनंद जायसवाल, थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह धाकड़ और प्रवीण जाट सहित अन्य अधिकारी शामिल थे।

बताया जा रहा है कि हादसे में दूल्हा, उसकी मां और कई रिश्तेदार भी घायल हुए हैं। परिवार उज्जैन में होने वाली शादी के विभिन्न मांगलिक कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए रवाना हुआ था, लेकिन यह यात्रा एक दर्दनाक हादसे में बदल गई।

पुलिस ने मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराकर उन्हें परिजनों को सौंप दिया है और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और चालक का नियंत्रण खोना हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story