राजगढ़ः तीन दिन से सफाई बंद होने से सड़कों पर लगे कचरे के ढेर

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः तीन दिन से सफाई बंद होने से सड़कों पर लगे कचरे के ढेर


राजगढ़, 06 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में सफाई कर्मचारियों की आठ सूत्रीय मांगों को लेकर चल रही हड़ताल शुक्रवार को तीसरे दिन भी जारी रही। तीन दिनों से सफाई व्यवस्था ठप होने के कारण राजगढ़, ब्यावरा और सारंगपुर सहित जिले के अन्य नगरीय क्षेत्रों में जगह-जगह कचरे के ढेर लग गए हैं। सड़कों पर गंदगी और बदबू से आम नागरिकों के साथ व्यापारी भी परेशान होने लगे हैं।

दीपावली का त्योहार नजदीक होने से नगर निकायों ने वैकल्पिक व्यवस्था के तहत खुद सफाई की कमान संभाल ली है। राजगढ़ में सफाई कर्मचारी नगरपालिका कार्यालय के गेट पर टेंट लगाकर धरना दे रहे हैं। उनका कहना है कि वे कई वर्षों से आठ सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन दे रहे हैं, लेकिन अब तक कोई निर्णय नहीं हुआ।

इधर, शहर में सफाई व्यवस्था बिगड़ने पर नगरपालिका अध्यक्ष विनोद साहू स्वयं झाड़ू लेकर वार्ड क्रमांक 2 में पहुंच गए। उन्होंने कर्मचारियों के साथ सड़क पर झाड़ू लगाई और कचरा उठाया। वहीं ब्यावरा में भी गंदगी से परेशान लोगों को राहत देने के लिए नगरपालिका सीएमओ इकरार अहमद ने स्वयं मोर्चा संभाला। वे नगरपालिका टीम के साथ अलग-अलग इलाकों में सफाई अभियान चलाते नजर आए। सारंगपुर में नगरपालिका अध्यक्ष पंकज पालीवाल ने पार्षदों और कर्मचारियों के साथ सफाई अभियान शुरू कराया। इस दौरान उन्होंने स्वयं कचरा वाहन चलाकर व्यवस्था संभाली। अभियान में सीएमओ दीपक रानवे, पार्षद गोपाल पाल, कमल शर्मा, राकेश पुष्पद सहित अन्य जनप्रतिनिधि और नगरपालिका कर्मचारी मौजूद रहे। तीनों शहरों में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के मैदान में उतरने के बावजूद सफाई कर्मचारियों की हड़ताल जारी रहने से नियमित सफाई व्यवस्था बहाल होने का इंतजार है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773520 Articles

Share this story