राजगढ़ः पुरातत्व संग्रहालय में तीन दिवसीय प्रदर्शनी का कलेक्टर ने किया शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः पुरातत्व संग्रहालय में तीन दिवसीय प्रदर्शनी का कलेक्टर ने किया शुभारंभ


राजगढ़, 14 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में देश की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से जिला पुरातत्व संग्रहालय में शनिवार को तीन दिवसीय छायाचित्र प्रदर्शनी शुरू हुई। यूनेस्को के तत्वावधान में 14 नवंबर को मनाए जाने वाले सांस्कृतिक संपदा की अवैध तस्करी के विरुद्ध अंतरराष्ट्रीय दिवस के अवसर पर आयोजित प्रदर्शनी का शुभारंभ कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने किया। इस दौरान डिप्टी कलेक्टर श्रीमती निधि भारद्वाज भी मौजूद रहीं।

प्रदर्शनी में देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक धरोहरों और पुरातात्विक महत्व की संपदाओं से जुड़े छायाचित्र प्रदर्शित किए गए हैं। इनके माध्यम से लोगों को बताया जा रहा है कि सांस्कृतिक संपदा की अवैध तस्करी से देश की ऐतिहासिक पहचान और विरासत को किस तरह नुकसान पहुंचता है। साथ ही इन धरोहरों को सुरक्षित रखने और उनके संरक्षण में आमजन की भूमिका के बारे में भी जानकारी दी जा रही है। प्रदर्शनी 14 से 16 नवंबर तक आयोजित की जाएगी। प्रतिदिन सुबह से शाम 5 बजे तक आम नागरिक इसका अवलोकन कर सकेंगे। खास बात यह है कि प्रदर्शनी में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है। इस अवसर पर आमजन से अपील की गई कि वे जिला पुरातत्व संग्रहालय पहुंचकर प्रदर्शनी का अवलोकन करें और अपनी ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को बचाने के प्रयासों में सहभागी बनें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777159 Articles

Share this story