राजगढ़ः कोचिंग संस्थानों पर प्रशासन की सख्ती, तीन सील, आठ को नोटिस

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः कोचिंग संस्थानों पर प्रशासन की सख्ती, तीन सील, आठ को नोटिस


राजगढ़,25 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा शहर में गुरुवार सुबह पुराना एबी रोड स्थित एक कोचिंग संस्थान के नीचे आग लगने की घटना के बाद प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया।

विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शाम को नगरपालिका ने शहर के कोचिंग संस्थानों पर औचक निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी मिलने पर तीन कोचिंग संस्थानों को तत्काल सील कर दिया गया, जबकि आठ अन्य संस्थानों को नोटिस जारी किए गए।

सीएमओ इकरार अहमद के नेतृत्व में नगरपालिका अमले ने नित्या एकेडमी, आरंभ एकेडमी और सिगमा कोचिंग संस्थान की जांच की। निरीक्षण में सामने आया कि इन संस्थानों में अग्निशमन के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे, विद्यार्थियों के बैठने के लिए पर्याप्त स्थान का अभाव था और नगरपालिका में आवश्यक पंजीकरण भी नहीं कराया गया था। सुरक्षा नियमों में गंभीर लापरवाही पाए जाने पर प्रशासन ने तीनों संस्थानों को सील करने की कार्रवाई की। जांच के दौरान अन्य कोचिंग संस्थानों में भी कई खामियां सामने आईं।

नगरपालिका ने आठ संस्थानों को नोटिस जारी कर अग्नि सुरक्षा प्रमाणपत्र, नगरपालिका पंजीकरण, पेयजल व्यवस्था, भवन क्षमता और अन्य सुरक्षा संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का यह अभियान हाल ही में लखनऊ में हुई कोचिंग हादसे की घटना और ब्यावरा में आग लगने की ताजा घटना को गंभीरता से लेते हुए चलाया गया। सीएमओ इकरार अहमद ने स्पष्ट चेतावनी दी कि जो संस्थान सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करेंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। नोटिस के बाद भी यदि व्यवस्थाएं दुरुस्त नहीं की गईं तो कोचिंग संस्थानों को बंद कराया जाएगा और आवश्यक होने पर कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद शहर के कोचिंग संचालकों में हड़कंप मच गया है, वहीं अभिभावकों ने बच्चों की सुरक्षा के लिए प्रशासन की इस पहल का स्वागत किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story