राजगढ़ः तीन चिलिंग सेंटरों में दूध की रैपिड जांच, होटल-रेस्टोरेंट में भी पहुंची टीम

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः तीन चिलिंग सेंटरों में दूध की रैपिड जांच, होटल-रेस्टोरेंट में भी पहुंची टीम


राजगढ़, 16 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बुधवार को खाद्य सुरक्षा विभाग ने मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब के जरिए जांच अभियान चलाया।

कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी एसएस खत्री की मौजूदगी में तीन चिलिंग सेंटरों पर दूध की रैपिड टेस्टिंग किट से जांच की गई। इसके बाद बस स्टैंड क्षेत्र स्थित होटल-रेस्टोरेंट में खाद्य पदार्थों का निरीक्षण किया गया। धनगर रेस्टोरेंट में समोसा, कचोरी, बेसन के भजिए, बेसन, आटा, मैदा, फेंटा, लिम्का और माजा सहित अन्य खाद्य पदार्थों की जांच की गई। यहां एक्सपायरी डेट की कोल्ड ड्रिंक मिलने पर उसे मौके पर नष्ट कराया गया। साथ ही करीब 10 किलो जला हुआ सोयाबीन तेल भी कड़ाही से निकलवाकर नष्ट कराया गया।

इसी तरह मां वैष्णो होटल में समोसा, भाजी बड़ा, मैदा, बेसन और बिस्किट की जांच की गई। यहां करीब 2 किलो मैदा खराब स्थिति में मिला, जिसे नष्ट कराया गया। टीम ने श्री बालाजी एवरफ्रेश, अग्रवाल मिष्ठान भंडार और लव-कुश टी स्टॉल का भी निरीक्षण किया। जांच के दौरान खाद्य प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई, खाद्य सामग्री के सुरक्षित भंडारण, खाद्य अनुज्ञप्ति और खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन की स्थिति देखी गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारी खत्री ने संचालकों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों का पालन करने और उपभोक्ताओं को सुरक्षित व गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। विभाग ने बताया कि जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच और नमूना संग्रहण की कार्रवाई आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story