उज्जैन के दोहरे हत्याकांड के तीन आरोपी गिरफ्तार, तीनों घायल
उज्जैन, 24 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में नीलगंगा क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते हुए दोहरे हत्याकांड के मामले में पुलिस ने शुक्रवार दोपहर में तीन और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
तीनों आरोपी निर्माणाधीन मल्टी में छीपे हुए थे। जैसे ही पुलिस उन्हें पकडऩे के लिए पहुंची तो उन्होने भागने का प्रयास किया। इस दौरान तीनों गिरकर घायल हो गए। पुलिस ने तीनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया है।
नीलगंगा थाना प्रभारी तरुण कुरील ने बताया कि कार्रवाई में बड़ी ग्वालटोली, इंदौर निवासी विवेक पिता दिनेश वर्मा, जबरन कॉलोनी निवासी यश पिता धर्मेन्द्र पासी तथा बडऩगर के कुम्हारवाड़ी निवासी पीयूष पासी को गिरफ्तार किया गया है। तीनों से पूछताछ के आधार पर पुलिस पूरे घटनाक्रम की कडिय़ां जोडऩे में जुटी हुई है। इससे पहले भी पुलिस इस मामले में कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। मुख्य आरोपी नरेश पासी की गिरफ्तारी के दौरान पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ जैसी स्थिति बनी थी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी थी। उपचार पूरा होने के बाद उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया था।
फरार आरोपियों की तलाश जारीपुलिस गिरफ्तार आरोपियों से यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वारदात की योजना किस तरह बनाई गई थी और इसमें किस-किस की क्या भूमिका रही। साथ ही अब भी फरार चल रहे आरोपियों की जानकारी जुटाई जा रही है। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
पुरानी रंजिश बनी थी खूनी वारदात की वजहगौरतलब है कि नीलगंगा चौराहे पर पुरानी रंजिश के चलते हुए हमले में दो सगे भाई लोकेश और जय की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि भाजपा नेता दिलीप राव गोरकर, उनके पुत्र सहित अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। घटना के बाद पुलिस ने हत्या, हत्या के प्रयास और अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्वेल

