उज्जैन में युवक की पिटाई का वीडियो वायरल होने के बाद 3 आरोपी गिरफ्तार
उज्जैन, 23 मई (हि.स.)। उज्जैन के उन्हेल रोड स्थित ढाबला फंटा में पुरानी दुश्मनी के चलते एक युवक को घेर कर आधा दर्जन से अधिक बदमाशों ने रोककर शराब पीने के लिए रुपए मांगे। रुपए नहीं देने पर आरोपियों ने युवक को बड़ी बेरहमी से पीटा था। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने रात में ही गांव में दबिश देकर 3 बदमाशों को गिरफ्तार कर शनिवार को उनका जुलूस निकाल दिया।
भैरवगढ़ थाना पुलिस ने बताया कि उन्हेल रोड स्थित ग्राम पिपलियाहामा निवासी संदीप कुमावत की कुछ लोगों से रंजिश चल रही थी। इसी रंजिश के चलते 11 मई को आरोपियों ने ग्राम ढाबला धुता स्थित भैरू महाराज मंदिर के समीप उसे रोका और शराब पीने के लिए 5 हजार रुपए की मांग की। जब उसने रुपए देने से इनकार किया तो प्लास्टिक के पाइप से उसकी पिटाई कर दी। हमले में संदीप के हाथ, पैर और आंख के आसपास चोटें आई थी। संदीप की चीख सुनकर मुकेश कुमावत और अर्जुन टेलर मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर उसे बचाया था। उक्त मामले में भैरवगढ़ थाना पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज आरोपियों की तलाश की जा रही थी।
न्यायालय के आदेश पर भेजा जेल
इसी बीच पिपलिया हामा में रहने वाले कांग्रेस नेता ने संदीप के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। मारपीट के इस वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस तत्काल हरकत में आई और रात में ही मारपीट करने वाले कुलदीप पिता राजाराम चौधरी, रुपेश पिता भुरू चौधरी और उसके भाई बंटी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों का रात में ही जुलूस निकाला। शनिवार को पुलिस ने तीनों को न्यायालय में पेश किया। जहां से उन्हे जेल भेज दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्वेल

