सेल्फ क्लीक 2.0 : साइबर सुरक्षा का संदेश लेकर दौड़ा इंदौर, 6 किमी मैराथन में हजारों नागरिक हुए शामिल

WhatsApp Channel Join Now
सेल्फ क्लीक 2.0 : साइबर सुरक्षा का संदेश लेकर दौड़ा इंदौर, 6 किमी मैराथन में हजारों नागरिक हुए शामिल


इंदौर, 05 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदाैर शहर में डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से इंदौर पुलिस कमिश्नरेट ने रविवार सुबह 'सेल्फ क्लीक 2.0' अभियान के तहत 6 किलोमीटर की साइबर जागरूकता मैराथन का आयोजन किया। युवाओं, महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों, पुलिस अधिकारियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों सहित हजारों नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर सुरक्षित डिजिटल जीवन का संदेश दिया।

पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह के मार्गदर्शन में सुबह 6 बजे नेहरू स्टेडियम से मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह दौड़ जीपीओ, नवलखा और भंवरकुआं चौराहे से होकर पुनः नेहरू स्टेडियम पहुंची। पूरे मार्ग में प्रतिभागियों ने सेफ क्लिक, सुरक्षित जीवन का संदेश देते हुए लोगों से साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने की अपील की। पुलिस कमिश्नर ने स्वयं भी प्रतिभागियों के साथ दौड़ लगाकर उनका उत्साह बढ़ाया।

साइबर सुरक्षा की दिलाई शपथ

मैराथन शुरू होने से पहले पुलिस कमिश्नर ने सभी प्रतिभागियों को साइबर सुरक्षा की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल दौर में हर नागरिक का सतर्क और जागरूक होना बेहद आवश्यक है। उन्होंने लोगों से स्वयं सजग रहने के साथ-साथ परिवार और समाज को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

जुंबा से बढ़ा उत्साह

आयोजन के दौरान प्रतिभागियों के उत्साह को और बढ़ाने के लिए विशेष जुंबा सत्र आयोजित किया गया। प्रशिक्षकों के निर्देशन में बड़ी संख्या में लोगों ने सामूहिक जुंबा कर फिटनेस के साथ साइबर जागरूकता का संदेश भी दिया।

वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य नागरिक भी बने अभियान का हिस्सा

मैराथन में एडिशनल पुलिस कमिश्नर मयंक अवस्थी और आर.के. सिंह, डीसीपी अभिषेक रंजन, डीसीपी राजेश कुमार त्रिपाठी सहित पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। इसके अलावा उद्योगपति विनोद अग्रवाल, मेदांता अस्पताल के डॉ. भरत रावत, सीए संकेत भंडारी, सामाजिक कार्यकर्ता नितिन चतुर्वेदी समेत अनेक गणमान्य नागरिकों ने दौड़ में भाग लेकर साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

प्रतिभागियों का सम्मान, जागरूकता अभियान रहेगा जारी

मैराथन के समापन पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इंदौर पुलिस ने इसे केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि साइबर सुरक्षित समाज के निर्माण की दिशा में जनभागीदारी का सशक्त अभियान बताया। अधिकारियों ने कहा कि 'सेल्फ क्लीक 2.0' के माध्यम से ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, डिजिटल फ्रॉड और अन्य साइबर अपराधों से बचाव के लिए नागरिकों को लगातार जागरूक किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story