भगवान राम को नकारने वाले आज कर रहे हैं सुंदर कांड का पाठ: डॉ. यादव

धार, 17 सितंबर (हि.स.)। कांग्रेस के नेता आज सुन्दर-कांड का पाठ कर रहे हैं। ये वही कांग्रेसी है जिन्होंने भगवान राम को ही नकार दिया था। कांग्रेस ने हमेशा जनता को भड़काने का काम किया है। इसके कई उदाहरण है लेकिन जब सुप्रीम कोर्ट ने अयोध्या के मामले में फैसला दिया तो पूरे देश में कहीं कोई दंगा नहीं हुआ। इससे स्पष्ट है कि भाजपा सबके साथ है। भाजपा ने हर धर्म का सम्मान किया है जबकि कांग्रेस और उसके ठगबंधन ने सनातन धर्म को ही एक बीमारी बताया। सनातन को रोग बताने वाले इस ठगबंधन की बीमारी को हमें आने वाले चुनाव में हराकर पूरी तरह ख़त्म करना है।
यह बात प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री मंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को झाबुआ और धार जिले की विधानसभाओं में जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान जन सभाओं को संबोधित करते हुए कही। सभा को उद्योग मंत्री राज्यवर्धन सिंह दत्तीगांव ने भी संबोधित किया।
कांग्रेस की कथनी और करनी में अंतरः डॉ यादव
मंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जिस मेहनत, समर्पण और साहस के साथ काम करते है, हर कार्यकर्ता को उनके पदचिन्हों पर चलकर बूथ बूथ तक भाजपा को मजबूत करना है और आने वाले चुनाव में 51 प्रतिशत वोट शेयर दिलवाकर भाजपा को विजय दिलाना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की कथनी और करनी में अंतर है। गरीबी हटाओ का नारा देने वाली कांग्रेस ने कभी भी गरीब आदिवासी का भला नहीं किया। आदिवासी समाज को सम्मान देने का काम भाजपा ने किया। कांग्रेस ने कभी किसी आदिवासी को राष्ट्रपति, गरीब के बेटे को प्रधानमंत्री और किसान के बेटे को मुख्यमंत्री नहीं बनाया। यह भाजपा है जो एक आदिवासी बेटी को राष्ट्रपति बनाती है। चाय बेचने वाले को प्रधानमंत्री और किसान के बेटे को मुख्यमंत्री बनाया। कांग्रेस भ्रम फैलाने का काम करती है, हमें कांग्रेस के षडयंत्र को खत्म करना है। केन्द्र और राज्य की भाजपा सरकार ने विकास के इतने काम किए है कि कांग्रेस के पास चुनाव में कोई मुद्दा नहीं है।
भाजपा ने बदनावर क्षेत्र के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ीः राज्यवर्धन सिंह
उद्योग मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की सरकार ने बदनावर विधानसभा क्षेत्र के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी। तीन साल के कार्यकाल में दो साल कोरोना काल में निकल गए फिर भी सरकार ने जिस गति से प्रदेश का विकास किया वह ऐतिहासिक हैं।
कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए कांग्रेस नेता
बदनावर में सभा के दौरान कांग्रेस के दो वरिष्ठ सदस्य कांग्रेस को छोड़कर भाजपा में शामिल हुए। पूर्व जिला पंचायत सदस्य रामू उइके तथा उनकी धर्मपत्नी पूर्व जनपद अध्यक्ष किरण उइके ने पार्टी की रीती नीति से प्रभावित होकर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। मंत्री मोहन यादव तथा राज्यवर्धन सिंह ने दोनों नेताओं का स्वागत किया।
ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का जगह-जगह किया स्वागत
पेटलावद के राईपुरिया से शुरू हुई यात्रा का सरदारपुर, बदनावर और धार विधानसभा के गांवों में ग्रामीणों ने जोरदार स्वागत किया गया। यात्रा मार्ग में कई स्थानों पर तेज बारिश के बीच ग्रामीणों का उत्साह कम नहीं था। जगह जगह युवा, प्रौढ और महिलाएं पुष्पवर्षा कर यात्रा की अगवानी कर रही थी। यात्रा के बदनावर नगर प्रवेश पर भाजपा के नेताओं व युवा कार्यकर्ताओं ने यात्रा के पर पुष्प वर्षा की तथा नेताओं का स्वागत किया। इस मौके पर मंत्री मोहन यादव तथा राजवर्धन सिंह दत्तीगांव ने जनता से आशीर्वाद मांगते हुए भारतीय जनता पार्टी को जिताने की अपील की।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश
हमारे टेलीग्राम ग्रुप को ज्वाइन करने के लिये यहां क्लिक करें, साथ ही लेटेस्ट हिन्दी खबर और वाराणसी से जुड़ी जानकारी के लिये हमारा ऐप डाउनलोड करने के लिये यहां क्लिक करें।