यह बदलते दौर का भारत हैः मुख्यमंत्री डॉ. यादव

यह बदलते दौर का भारत हैः मुख्यमंत्री डॉ. यादव
WhatsApp Channel Join Now
यह बदलते दौर का भारत हैः मुख्यमंत्री डॉ. यादव


भोपाल, 2 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 700 से ज्यादा जिले, 142 करोड़ से ज्यादा की आबादी वाले देश में 22 करोड़ लोगों को पक्का घर दिये हैं। जिनका अपना स्वयं का घर पूरे हिन्दुस्तान में नहीं है। ऐसा उदाहरण भाजपा ने प्रस्तुत किया है। यह बदलते दौर का भारत और बदलते दौर का मध्यप्रदेश है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंगलवार को रीवा में पार्टी प्रत्याशी जनार्दन मिश्रा के समर्थन में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि तीस साल पहले जब में रीवा आया था, तब बस में धक्के खाते हुए आना पड़ा था। मुझे पीड़ा होती थी कि इसे किसकी नजर लगी, ये वो धरती है जहां भगवान श्रीराम ने साढ़े ग्यारह साल बिताया। लेकिन दुर्भाग्य था कि आजादी के बाद कांग्रेस ने इस क्षेत्र की उपेक्षा की। यहां के लोगों की वर्षों पहले जिंदगी खुशहाल हो सकती थी। जो अभी हुआ है वो 70 साल पहले हो सकता था। कई पीढियां सुधर जाती, लोगों का भविष्य बदल जाता।

उन्होंने कहा कि रीवा- सतना देवभूमि है, यहां के लोग पवित्र मन से काम करते हैं और अपनी काबिलियत और क्षमता के कारण पहचाने जाते हैं, लेकिन यहां के लोगों को नजरंअदाज किया गया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने केवल वोट लेकर सरकार बनाई और सरकार बनाकर मौजमस्ती करने का काम किया। जैसे ही भाजपा की सरकार बनी, यहां का पुरा परिदृष्य बदल गया, पहले रीवा छोटी सी तहसील से जाना जाता था, आज हर कोई लालायित रहता है कि कास मेरा संबंध रीवा से हो और मेरा घर रीवा संभाग में हो। कांग्रेस ने इस क्षेत्र को गुलाम बनाया, कहां 70 साल और कहां 10 साल... ये भाजपा के 10 साल का चुनाव हो रहा है। यहां नर्मदा का क्षेत्र है, यहां आपार संभावनाएं हैं। लेकिन कांग्रेस ने कोई विकास नहीं किया।

देश में सर्वाधिक कृषि विकास दर मध्यप्रदेश की है

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे देश में सबसे ज्यादा कृषि विकास दर मध्यप्रदेश की है, ये हमारी पहचान है और ये हमारे काम करने का तरीका है। जब यहां के किसानों की जिंदगी बदलेगी तो यहां का पूरा परिदृश्य बदल जाएगा। ये पूरा प्रदेश कृषि आधारित है। किसानों को केवल पानी और बिजली चाहिए। जैसे सीमा पर जवान, अपनी जान लगाकर खड़ा रहता है। वैसे खेत में किसान उसकी बराबरी करता है। लोगों को अन्न देता है।

उन्होंने कहा कि आपका एक वोट आतंकवादियों को उनके घर में सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक कर, घर में घुसकर मारने का दम देता है। एयर स्ट्राइक में हमारे सैनिक अभिनंदन को वापस लाने का काम किया गया। आपने उस समय नरेन्द्र मोदी की सरकार बनाने के लिए जो वोट दिया था, वो सार्थक हुआ। हमें अपने वोट का मूल्यांकन करना पड़ेगा। हमें ये भी देखना पड़ेगा कि हमारे वोट का सदुपयोग हुआ कि नहीं हुआ। जब दूसरी बार वोट दिया तो 6 महीने से कम समय में जो भाजपा ने जनसंघ के जमाने से जो कहा था- कश्मीर के अंदर अनुच्छेद 370 लगाना ये कांग्रेस की सबसे बड़ी भूल होगी उसे हटाने का काम किया। जवानों ने देश की रक्षा करने के लिए अपना सब कुछ कुर्बान कर दिया। पाकिस्तान के सैनिक हमारे सैनिकों का सिर काट कर ले जाते थे। देश की तत्कालीन सरकार कुछ नहीं करती थी। मुंबई, दिल्ली और अन्य कई जगहों पर आतंकवादी घटनाएं होती थी। कांग्रेस के लोग और बाकी अन्य विपक्षी दल इस पूरे मामले में पूरी नजरअंदाज करते थे। लेकिन अब बदलते दौर का भारत है, ये मोदी का भारत है।

अब कश्मीर में केसर खिल रहा है

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब कश्मीर के अंदर केसर खिल रहा है, टूरिज्म को बढ़ावा मिल रहा। अब पाक अधिकृत कश्मीर वाले भी चिल्ला-चिल्ला कर कह रहे हैं कि हमें भी भारत में मिल लो.. हमें ऐसे अन्याय पूर्ण जगह पाकिस्तान में नहीं रहना। जहां बिजली, सड़क, पानी और विकास की कोई संभावना नहीं हो...सुप्रीम कोर्ट ने कहा, तीन तलाक गलत है लेकिन मेजोरिटी में उस कांग्रेस की सरकार थी वो नहीं मानी... भारतीय जनता पार्टी ने हिंदू-मुस्लिम नहीं देखा, उन्होंने कहा कि मुस्लिम बहनों के साथ गलत क्यों होना चाहिए। नरेंद्र मोदी ने कहा कि भाजपा सरकार इसको बदलेगी और भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने एक झटके में सुप्रीम कोर्ट के निर्णय को लागू कर दिया। ये 56 इंच वाले की सरकार है, मोदी है तो मुमकिन है।

अयोध्या मामले को वर्षों तक लटकाया गया*

मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या में भगवान श्रीराम के फैसले को लंबे समय तक लटकाया गया, लेकिन जैसे ही सुप्रीम कोर्ट का फैसला आया वैसे ही बिना किसी झंझट के प्रधानमंत्री मोदी ने अयोध्या में भगवान श्रीराम मंदिर का शिलान्यास किया। इसीलिए कहा जाता है मोदी है तो मुमकिन है।

जिन्होंने राम के निमंत्रण को ठुकराया, जनता उन्हें ठुकरायेगी

उन्होंने कहा कि 22 जनवरी की घटना सभी ने देखी, हम इसलिए याद दिला रहे हैं कि ये हमारे भावनाओं का, हिंदुओं के सम्मान की बात है। कांग्रेस को अपमान करने का अधिकार किसने दिया, कांग्रेस ने बार-बार हिंदुओं के सम्मान पर कुठाराघात किया, हमने राम मंदिर का निमंत्रण दिया तो एकमात्र कांग्रेस पार्टी ने निमंत्रण को ठुकरा दिया। जिन्होंने 70 साल तक मुस्लिम पक्ष का नेतृत्व किया वो भी प्रसन्नता के साथ शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल हुए। जिसने भगवान श्रीराम के निमंत्रण को ठुकराया है, जनता इनको ठुकराएगी... आने वाले 26 तारीख को दूसरे चरण के वोटिंग में हर घर से एक-एक आदमी निकलकर भगवान श्रीराम के अपमान का बदला लेगा। आपको भगवान श्रीराम का स्मरण करके वोट देना है और जनार्दन मिश्रा जी को जीत दिलाना है। ये मोदी जी के बदलते दौर का भारत है।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश

हमारे टेलीग्राम ग्रुप को ज्‍वाइन करने के लि‍ये  यहां क्‍लि‍क करें, साथ ही लेटेस्‍ट हि‍न्‍दी खबर और वाराणसी से जुड़ी जानकारी के लि‍ये हमारा ऐप डाउनलोड करने के लि‍ये  यहां क्लिक करें।

Share this story