अमरकंटक के कोटितीर्थ कुंड का गौमुख क्षतिग्रस्त, जल्द लगाया जाएगा नया गौमुख
अनूपपुर, 23 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले स्थित मां नर्मदा की उद्गम स्थली अमरकंटक के पवित्र कोटितीर्थ कुंड में स्थापित गौमुख क्षतिग्रस्त हो गया है। गौमुख का निचला हिस्सा टूटकर अलग हो गया है, हालांकि उसी स्थान से मां नर्मदा की पवित्र जलधारा पूर्ववत प्रवाहित हो रही है। घटना की जानकारी मिलने के बाद संबंधित अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर शीघ्र नया गौमुख स्थापित कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
गुरुवार को कोटितीर्थ कुंड पहुंचे श्रद्धालुओं ने गौमुख को क्षतिग्रस्त देखा और इसकी सूचना प्रशासन को दी। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि गौमुख किस कारण से क्षतिग्रस्त हुआ।
सूचना मिलने पर नगर परिषद अमरकंटक के मुख्य नगर पालिका अधिकारी चैन सिंह परस्ते ने कर्मचारियों को मौके पर भेजकर निरीक्षण कराया। उन्होंने बताया कि क्षतिग्रस्त गौमुख को जल्द हटाकर नया गौमुख स्थापित किया जाएगा। इसके लिए जबलपुर अथवा जयपुर से नया गौमुख मंगाने की तैयारी की जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
अमरकंटक प्राधिकरण के उपयंत्री सुमित ने भी स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि नए गौमुख की विधिवत स्थापना शीघ्र कराई जाएगी और धार्मिक परंपराओं का भी पूरा ध्यान रखा जाएगा।
उल्लेखनीय है कि कोटितीर्थ कुंड मां नर्मदा उद्गम का प्रमुख धार्मिक स्थल है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन, पूजन और जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। प्रशासन का कहना है कि धार्मिक गतिविधियां सामान्य रूप से जारी रहेंगी और मरम्मत कार्य जल्द पूरा कराया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

