शहडोल: डीआरएम राकेश रंजन ने अमृत भारत स्टेशन योजना के कार्यों का लिया जायजा

WhatsApp Channel Join Now
शहडोल: डीआरएम राकेश रंजन ने अमृत भारत स्टेशन योजना के कार्यों का लिया जायजा


शहडोल, 22 अगस्त (हि.स.)। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) राकेश रंजन शनिवार को एक दिवसीय निरीक्षण के दौरान शहडोल पहुंचे। उन्होंने रेलवे स्टेशन परिसर में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण कर निर्माण की प्रगति और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के बाद डीआरएम राकेश रंजन ने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे श्रमिक यूनियन के महामंत्री मनोज बेहरा एवं प्रतिनिधिमंडल के साथ औपचारिक बैठक की। बैठक में यूनियन पदाधिकारियों ने रेलवे कर्मचारियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और मांगों को प्रमुखता से डीआरएम के समक्ष रखा।

जर्जर आवास तोड़े गए, नए निर्माण की मांग

यूनियन महामंत्री मनोज बेहरा ने बताया कि शहडोल में रेलवे कर्मचारियों के आवास की समस्या गंभीर बनी हुई है। रेलवे क्षेत्र में करीब 200 पुराने एवं जर्जर आवासों को तोड़ा जा चुका है, लेकिन उनके स्थान पर नए आवासों का निर्माण नहीं किया गया है। इसके कारण कर्मचारियों को आवास संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यूनियन ने डीआरएम से कर्मचारियों के लिए शीघ्र नए आवास उपलब्ध कराने की मांग की।

पौंडानाला क्षेत्र में जलभराव का मुद्दा

बैठक के दौरान रेलवे क्षेत्र से सिंहपुर की ओर पौंडानाला क्षेत्र में बारिश के दौरान होने वाले जलभराव की समस्या भी उठाई गई। यूनियन प्रतिनिधियों ने बताया कि जलभराव के कारण रेलवे कर्मचारियों के साथ-साथ आसपास के लोगों को भी परेशानी होती है। डीआरएम ने समस्या को गंभीरता से सुना और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

रेलवे कॉलोनी की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग

श्रमिक यूनियन ने रेलवे कॉलोनी में बढ़ती सुरक्षा संबंधी चिंताओं और अपराधों की रोकथाम के लिए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किए जाने की आवश्यकता बताई। प्रतिनिधिमंडल ने कर्मचारियों एवं उनके परिवारों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कदम उठाने की मांग रखी।

विकास कार्यों की कमियों और खुदाई से उत्पन्न खतरे पर भी चर्चा

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत शहडोल स्टेशन एवं आसपास चल रहे विकास कार्यों में सामने आ रही कमियों की ओर भी डीआरएम का ध्यान आकर्षित कराया गया। इसके अलावा रेलवे क्षेत्र की सड़कों पर जगह-जगह की जा रही खुदाई से उत्पन्न असुरक्षित परिस्थितियों की जानकारी देते हुए यूनियन प्रतिनिधियों ने निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने की मांग की।

बैठक में श्रमिक यूनियन के प्रतिनिधिमंडल ने कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं के शीघ्र निराकरण के लिए मंडल रेल प्रबंधक से आवश्यक पहल करने का आग्रह किया। डीआरएम राकेश रंजन ने प्रतिनिधिमंडल द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना।

मनीष शुक्लाी

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Share this story