उज्जैन में खुलेगा डीपटेक रिसर्च एंड डिस्कवरी सेंटर, स्थापना की प्रक्रिया तेज
उज्जैन, 22 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश को विज्ञान और नवाचार के क्षेत्र में अग्रणी बनाने के उद्देश्य से उज्जैन में डीपटेक रिसर्च एंड डिस्कवरी सेंटर की स्थापना की प्रक्रिया तेज हो गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश के बाद सेंटर के लिए स्थान चिन्हित करने और अन्य तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
इसी सिलसिले में सोमवार को मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के प्रमुख सचिव एम. सेलवेंद्रन, मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के महानिदेशक डॉ. अनिल कोठारी, आईआईटी की टीम के सदस्यों के साथ संभागायुक्त आशीष सिंह और कलेक्टर रौशन कुमार सिंह की बैठक हुई। बैठक में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना को लेकर कार्ययोजना पर चर्चा की गई।
बताया गया कि उज्जैन में डीपटेक रिसर्च एंड डिस्कवरी सेंटर की स्थापना आईआईटी इंदौर के सहयोग से की जाएगी। इसका उद्देश्य प्रदेश में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा देना और अत्याधुनिक शोध को प्रोत्साहित करना है।
बैठक के बाद अधिकारियों और आईआईटी टीम ने तारामंडल परिसर सहित अन्य संभावित स्थानों का निरीक्षण किया। इसके बाद शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज पहुंचकर सेंटर की स्थापना के लिए उपलब्ध सुविधाओं और स्थान का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने सेंटर की स्थापना के साथ प्रस्तावित साइंस सिटी निर्माण से जुड़े आवश्यक कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हाल ही में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की समीक्षा बैठक में उज्जैन में मेडी सिटी, साइंस सिटी और इंजीनियरिंग कॉलेज के साथ विज्ञान, चिकित्सा और तकनीकी शिक्षा के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने के निर्देश दिए थे। इसी के तहत डीपटेक रिसर्च एंड डिस्कवरी सेंटर की स्थापना की दिशा में कार्य आगे बढ़ाया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्वेल

