(अपडेट) अनूपपुर लॉज हादसा- तीसरा शव महिला का मिला, अब भी लोगों के दबे होने की आशंका
अनूपपुर, 05 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के कोतमा नगर के वार्ड क्रमांक पाँच स्थित बस स्टैंड के पास शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना दिया है। रविवार सुबह करीब 11 बजे एक महिला का शव मिला, जिसके बाद अब मृतकों की संख्या तीन हो गई है। करीब 18 घंटे बाद भी लगातार बचाव कार्य जारी है। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, लोकल समेत 100 से ज्यादा लोग मलबा हटाने में जुटे हैं। वहीं सर्चिंग के लिए भिलाई और बनारस से भी टीमें बुलाई गई हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बिल्डिंग गड्ढे की ओर झुककर गिरी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि पास में निर्माण के लिए करीब 12 फीट गहरा गड्ढा खोदा गया था, जिसमें पानी भरने से नींव कमजोर हो सकती है। निर्माण की अनुमति को लेकर भी सवाल उठे हैं। नगर पालिका का कहना है कि दस्तावेज देखने के बाद ही स्थिति साफ होगी।
मृतकों में 55 वर्षीय हनुमान दीन यादव और 40 वर्षीय राम कृपाल यादव एवं तीसरी मृतक 45 वर्षीय राधावाई पति हमलाल कोल का शव मिला हैं। सभी चौथी मंजिल पर काम कर रहे थे, तभी हादसा हो गया।
रविवार की सुबह मौके पर जिले के प्रभारी मंत्री दिलीप अहिरवार भी सक्रिय दिखे। भोर के तीन बजे कोतमा पहुंचने पर मौका निरिक्षण कर कलेक्टर हर्षल पंचोली को उन्होंने बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिये हैं। इस दौरान पुलिस अधीक्षक मोती उर रहमान मौके पर रात भर रह कर बचाव कार्य में निगरानी करते रहे।
एसडीआरएफ की टीम ने मलबे में दबे कोतमा निवासी हनुमान दीन के शव को बाहर निकाला। मुंह से खून निकल रहा था। शरीर की कई हड्डियां टूट चुकी थीं। मलबे से बाहर निकालते समय मौके पर मौजूद लोग स्तब्ध रह गए। राहत और बचाव दल लगातार अन्य लोगों को खोजने में जुटा हुआ है।
धीमी पड़ी चीख-पुकार की आवाज
मलबे के नीचे अभी भी कुछ लोगों के दबे होने की आशंका बनी हुई है। ऊपर से आवाज देने पर भी नीचे से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल रही है। रविवार की सुबह एनडीआरएफ की टीम पहुंची है, मलबे में दबे लोगों को ढूंढने के लिए कुत्ते की मदद भी ली जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

