अनूपपुर: जिले के समग्र विकास में प्रशासन और मीडिया की भूमिका एक-दूसरे की पूरक होती है - रत्नाकर झा

WhatsApp Channel Join Now
अनूपपुर: जिले के समग्र विकास में प्रशासन और मीडिया की भूमिका एक-दूसरे की पूरक होती है - रत्नाकर झा


अनूपपुर: जिले के समग्र विकास में प्रशासन और मीडिया की भूमिका एक-दूसरे की पूरक होती है - रत्नाकर झा


अनूपपुर, 02 अगस्त (हि.स.)। किसी भी जिले के समग्र विकास में प्रशासन और मीडिया की भूमिका एक-दूसरे की पूरक होती है। पत्रकार समाज की आवाज को शासन तक पहुंचाने का कार्य करते हैं और प्रशासन को वास्तविक परिस्थितियों से अवगत कराते हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, कृषि, आधारभूत संरचना और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए प्रशासन पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा।

यह बात रविवार को स्थानांतरित कलेक्टर हर्षल पंचोली की विदाई एवं नवागत कलेक्टर के स्वागत समारोह में नवागत कलेक्टर रत्नाकर झा ने कही। उन्होंने पत्रकारों से अपेक्षा की कि वे निष्पक्ष, तथ्यपरक और सकारात्मक पत्रकारिता के माध्यम से जनहित के मुद्दों को लगातार उठाते रहें, ताकि समस्याओं का समयबद्ध समाधान किया जा सके।

राष्ट्रीय श्रमजीवी पत्रकार परिषद द्वारा आयोजित विदाई एवं स्वागत समारोह प्रशासन, पत्रकारिता और जनसरोकारों के समन्वय का प्रभावशाली मंच बन गया। होटल सूर्या के सभागार में आयोजित समारोह में स्थानांतरित कलेक्टर हर्षल पंचोली को भावभीनी विदाई दी गई एवं नवागत कलेक्टर रत्नाकर झा का आत्मीयता के साथ स्वागत किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब सहित परिषद के पदाधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ सेवानिवृत्त शिक्षक पत्रकार बाबूलाल पाठक के स्वस्तिवाचन एवं संकल्प पैरामेडिकल कॉलेज की छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की। वहीं पत्रकार महेश मिश्रा ने स्वजरचित स्वागत एवं विदाई गीत की प्रस्तुति दी गई।

अनूपपुर हमेशा याद रहेगा, पत्रकारों ने निभाई विकास की साझेदार की भूमिका : हर्षल पंचोली

स्थानांतरित कलेक्टर हर्षल पंचोली ने कहा कि अनूपपुर में बिताया गया कार्यकाल उनके प्रशासनिक जीवन की सबसे सुखद और यादगार यात्राओं में शामिल रहेगा। यहां के नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और पत्रकारों का लगातार सहयोग मिला, जिसकी बदौलत कई महत्वपूर्ण विकास कार्य सफलतापूर्वक पूरे किए जा सके। उन्होंने कहा कि जिले के पत्रकारों ने केवल खबरें प्रकाशित करने तक अपनी भूमिका सीमित नहीं रखी, बल्कि जनसमस्याओं को गंभीरता से उठाकर प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया। साथ ही विभिन्न विभागों के नवाचारों, विकास योजनाओं और जनहित के कार्यों को व्यापक प्रचार-प्रसार देकर शासन और जनता के बीच विश्वास का मजबूत वातावरण तैयार किया।

श्री पंचोली ने कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारिता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। जिम्मेदार और सकारात्मक पत्रकारिता न केवल समाज में जागरूकता बढ़ाती है, बल्कि प्रशासन को भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देती है। उन्होंने जिले के पत्रकारों की रचनात्मक भूमिका की सराहना करते हुए सभी का आभार व्यक्त किया।

संवेदनशील और जनकेंद्रित अधिकारी रहे पंचोली : एसपी विक्रांत मुराब

पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब ने कहा कि हर्षल पंचोली की कार्यशैली सदैव संवेदनशील, पारदर्शी और जनकेंद्रित रही। उन्होंने हर वर्ग की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके त्वरित समाधान का प्रयास किया। प्रशासनिक दक्षता के साथ उनका मानवीय दृष्टिकोण उन्हें एक लोकप्रिय अधिकारी के रूप में स्थापित करता है। उन्होंने कहा कि पंचोली से टीम भावना और संवेदनशील प्रशासन की सीख मिलती है।

लोकतंत्र की मजबूती का आधार है प्रशासन और मीडिया का समन्वय

राष्ट्रीय श्रमजीवी पत्रकार परिषद के जिला अध्यक्ष अमित शुक्ला ने कहा कि प्रशासन और पत्रकारों के बीच बेहतर समन्वय लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति है। जब दोनों अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करते हैं, तब विकास कार्यों में पारदर्शिता आती है और जनता का शासन व्यवस्था पर विश्वास मजबूत होता है। जिला संगठन मंत्री संतोष मिश्रा ने कहा कि हर्षल पंचोली का कार्यकाल विकास, पारदर्शिता और जनसरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता का उदाहरण रहा। वहीं संभागीय उपाध्यक्ष दिवाकर विश्वकर्मा ने कहा कि प्रशासन और पत्रकारिता के बीच स्वस्थ संवाद ही लोकतंत्र की असली ताकत है। उन्होंने नवागत कलेक्टर रत्नाकर झा का स्वागत करते हुए विश्वास जताया कि पत्रकार समाज आगे भी जिले के विकास में सकारात्मक सहयोग देता रहेगा। कार्यक्रम में नया प्रयोग करते हुए पत्रकार अमीन वारसी के द्वारा चलते चलते गीत के माध्यम से स्वस्वार प्रस्तुति देते हुए आभार प्रदर्शन किया गया।

सम्मान और स्वागत का यादगार क्षण

समारोह के दौरान राष्ट्रीय श्रमजीवी पत्रकार परिषद की ओर से स्थानांतरित कलेक्टर हर्षल पंचोली को शॉल, श्रीफल एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं नवागत कलेक्टर रत्नाकर झा तथा पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब का पुष्पगुच्छ, शॉल एवं श्रीफल भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया। उपस्थित पत्रकारों ने तीनों अधिकारियों के साथ आत्मीय संवाद करते हुए जिले में सुशासन, विकास और जनहित के कार्यों को नई गति देने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।

बड़ी संख्या में उपस्थित रहे पदाधिकारी और पत्रकार

कार्यक्रम में परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं शहडोल संभाग प्रभारी राजेश शुक्ला, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं संभागीय संरक्षक मंडल अध्यक्ष कैलाश पांडे, महासचिव अरुण ओटवानी, संभागीय अध्यक्ष चैतन्य मिश्रा, संरक्षक मंडल अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल, समाज कल्याण प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष अंकित शुक्ला, जैतहरी ब्लॉक अध्यक्ष बद्री तिवारी, अनूपपुर ब्लॉक अध्यक्ष दिगंबर शर्मा, कोतमा ब्लॉक अध्यक्ष पुनीत सेन, सुमिता शर्मा सहित जिले के विभिन्न ब्लॉकों से आए पत्रकार, पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Share this story