शहडोल: राष्ट्रीय मंच तक शहडोल संभाग की उड़ान: रणजी में रोशन केवट, मुश्ताक अली ट्रॉफी में अपूर्व द्विवेदी का चयन
शहडोल, 11 नवंबर (हि.स.)। क्रिकेट के मैदान पर जब भी मध्य प्रदेश की प्रतिभाओं की चर्चा होती है, शहडोल संभाग का नाम भी सम्मान के साथ लिया जाने लगा है। भौगोलिक दृष्टि से छोटा और शहडोल, अनूपपुर तथा उमरिया जैसे तीन जिलों वाला यह संभाग आज क्रिकेट के बड़े मंचों पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहा है।
इस वर्ष शहडोल संभाग के क्रिकेट इतिहास में दो नई उपलब्धियां जुड़ी हैं। रोशन केवट का रणजी ट्रॉफी के लिए चयन और अपूर्व द्विवेदी का सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026-27 के लिए मध्य प्रदेश की सीनियर टीम में चयन इस बात का प्रमाण है कि संभाग की क्रिकेट प्रतिभाएं अब बड़े मुकाम हासिल कर रही हैं। वहीं भारतीय महिला क्रिकेट टीम में अपनी जगह बनाकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाली पूजा वस्त्राकर ने पहले ही शहडोल का नाम देश-दुनिया में रोशन किया है।
रणजी से मुश्ताक अली ट्रॉफी तक पहुंचा शहडोल का दम
शहडोल संभाग के लिए इस वर्ष की सबसे महत्वपूर्ण उपलब्धियों में रोशन केवट का रणजी ट्रॉफी में चयन शामिल है। देश की प्रतिष्ठित घरेलू क्रिकेट प्रतियोगिता रणजी ट्रॉफी में जगह बनाना किसी भी खिलाड़ी के लिए बड़ी उपलब्धि होती है। रोशन का चयन संभाग के उभरते क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है। इसी कड़ी में शहडोल के अपूर्व द्विवेदी ने भी अपनी मेहनत और निरंतर बेहतर प्रदर्शन के दम पर मध्य प्रदेश की सीनियर टीम में स्थान बनाया है। उनका चयन सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026-27 के लिए विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में हुआ है।
14 नवंबर से प्रारंभ होने वाली इस टी-20 प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश की टीम ग्रुप चरण में सात मुकाबले खेलेगी। टीम की कमान रजत पाटीदार के हाथों में है। विकेटकीपर के रूप में हर्ष गवली के साथ अपूर्व द्विवेदी को भी अवसर मिला है। अपूर्व के लिए यह प्रतिष्ठित सीनियर टी-20 प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने का पहला अवसर है। यह चयन उनके लंबे संघर्ष, निरंतर अभ्यास और घरेलू क्रिकेट में किए गए प्रदर्शन का परिणाम है।
अपूर्व द्विवेदी : घरेलू क्रिकेट से एमपीएल के फाइनल तक का सफर
26 वर्षीय अपूर्व द्विवेदी पिछले कई वर्षों से क्रिकेट में सक्रिय हैं। अंडर-19 और अंडर-22 स्तर पर मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर चुके अपूर्व ने पिछले घरेलू सत्र में एमपीसीए की प्रतियोगिताओं में लगभग 700 रन बनाकर अपनी बल्लेबाजी क्षमता का परिचय दिया। विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में उनकी पहचान आक्रामक अंदाज और बड़े शॉट खेलने की क्षमता के कारण बनी है।
मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग में भी अपूर्व ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया है। वर्ष 2024 में लीग के पहले सत्र में ग्वालियर चीता की ओर से खेलते हुए उन्होंने अपने पहले ही मुकाबले में 38 गेंदों पर 61 रन की आकर्षक पारी खेली थी। इसके बाद वह चंबल घड़ियाल्स फ्रेंचाइजी का हिस्सा बने। वर्ष 2026 के तीसरे सत्र में चंबल घड़ियाल्स की ओर से खेलते हुए फाइनल मुकाबले में उन्होंने महज 25 गेंदों पर 51 रन की विस्फोटक पारी खेली और टीम की खिताबी जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया। अब सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में उनके प्रदर्शन पर क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें रहेंगी।
हिमांशु मंत्री और कुमार कार्तिकेय ने भी बनाई विशिष्ट पहचान
शहडोल संभाग की क्रिकेट उपलब्धियों में हिमांशु मंत्री और कुमार कार्तिकेय का नाम भी विशेष महत्व रखता है। दोनों खिलाड़ियों ने मध्य प्रदेश की घरेलू क्रिकेट में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए रणजी ट्रॉफी जैसे प्रतिष्ठित मंच पर प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया है। मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग में भी इन खिलाड़ियों की भागीदारी रही है। इनकी उपलब्धियां बताती हैं कि शहडोल संभाग की प्रतिभाएं अब केवल स्थानीय प्रतियोगिताओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि प्रदेश के शीर्ष घरेलू क्रिकेट मंचों पर भी अपनी जगह बना रही हैं।
मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग ने इस क्षेत्र के खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने का एक बेहतर अवसर दिया है। हिमांशु मंत्री, कुमार कार्तिकेय, अपूर्व द्विवेदी और हर्ष दीक्षित जैसे खिलाड़ियों ने इस प्रतियोगिता में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है। बड़े खिलाड़ियों के साथ खेलने और प्रतिस्पर्धात्मक क्रिकेट का अनुभव हासिल करने से इन युवाओं को अपने खेल को और निखारने का अवसर मिला है।
संभागीय क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष सुनील खरे का कहना है कि शहडोल संभाग भले ही क्षेत्रफल और जनसंख्या की दृष्टि से छोटा हो, लेकिन यहां क्रिकेट की प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। हर वर्ष संभाग से निकलने वाले खिलाड़ी मध्य प्रदेश की विभिन्न आयु वर्ग की टीमों और सीनियर प्रतियोगिताओं में अपनी जगह बना रहे हैं। इस वर्ष रोशन केवट का रणजी ट्रॉफी और अपूर्व द्विवेदी का सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए चयन पूरे संभाग के लिए गौरव की बात है। यह उपलब्धियां खिलाड़ियों की मेहनत, प्रशिक्षकों के समर्पण और संभागीय क्रिकेट एसोसिएशन के निरंतर प्रयासों का परिणाम हैं। एसोसिएशन का प्रयास है कि स्थानीय प्रतिभाओं को उचित अवसर और मार्गदर्शन मिले, ताकि वे राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें। आने वाले समय में शहडोल संभाग से और भी खिलाड़ी प्रदेश तथा देश की प्रमुख क्रिकेट प्रतियोगिताओं में प्रतिनिधित्व करेंगे।
एसोसिएशन के सचिव अजय द्विवेदी भी विभिन्न आयु वर्गों में खिलाड़ियों के चयन तथा अंपायरिंग और स्कोरिंग जैसे क्षेत्रों में युवाओं की सफलता को संभागीय क्रिकेट के लिए सकारात्मक संकेत मानते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

