गोवर्धननाथ मंदिर में राष्ट्र सेविका समिति ने पारंपरिक हर्षाेल्लास के साथ मनाया हिन्दू नव वर्ष

WhatsApp Channel Join Now
गोवर्धननाथ मंदिर में राष्ट्र सेविका समिति ने पारंपरिक हर्षाेल्लास के साथ मनाया हिन्दू नव वर्ष


मंदसौर, 19 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर की पावन धरा पर भारतीय संस्कृति और परंपराओं का निर्वहन करते हुए राष्ट्र सेविका समिति की बहनों द्वारा गुरुवार को जीवागंज स्थित प्राचीन श्री गोवर्धननाथ मंदिर में नव वर्ष का अत्यंत गरिमामयी और उत्साहपूर्ण स्वागत किया गया।

इस पावन अवसर पर समिति की सभी बहनों ने एकत्रित होकर भगवान ठाकुर जी के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर राष्ट्र व समाज के कल्याण की कामना की। मंदिर परिसर में आने वाले प्रत्येक भक्तजन का समिति की बहनों द्वारा कंकू-चंदन का तिलक लगाकर आत्मीय अभिनंदन किया गया और उन्हें नव वर्ष की मंगलमय शुभकामनाएं प्रेषित की गईं।

भारतीय परंपरा में नव वर्ष के वैज्ञानिक और स्वास्थ्यवर्धक महत्व को दशार्ते हुए इस अवसर पर विशेष रूप से प्रसाद का वितरण किया गया। प्रसाद के रूप में मिश्री, काली मिर्च एवं नीम के पत्तों का मिश्रण वितरित किया गया, जो न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है बल्कि ऋतु परिवर्तन के समय स्वास्थ्य रक्षा का सुंदर संदेश भी देता है। कार्यक्रम के दौरान श्रीमती समता गुप्ता ने नव वर्ष की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह आयोजन केवल एक तिथि का परिवर्तन नहीं है, बल्कि हमारी गौरवशाली संस्कृति, सनातन परंपराओं और आपसी स्नेह के संगम का जीवंत स्वरूप है। इसी कड़ी में श्रीमती ममता पालीवाल ने भी अपनी हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित कीं। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में नई ऊर्जा और सकारात्मकता का संचार करते हैं, जिससे हमारी भावी पीढ़ी अपनी जड़ों से जुड़ी रहती है।

इस भव्य आयोजन में क्षेत्र की अनेक बहनों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिनमें श्रीमती अनुसूया पांडे, समता गुप्ता, चंद्रकला शर्मा, नेहा गुप्ता, ममता पालीवाल, आरती गुप्ता, सोनू माली, संध्या शर्मा, सुनीता पांडे, चेतना पालीवाल, सेजल पालीवाल, सरोज गहलोत एवं तेजल गुप्ता प्रमुख रूप से सम्मिलित थीं। उपस्थित सभी बहनों ने आने वाले वर्ष के लिए चहुंओर सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की सामूहिक मंगलकामना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

Share this story